विज्ञापन दें / सहयोग करें

स्मार्ट खेती: फसल चक्र और मौसम की समझ से 50% बढ़ाया उत्पादन, 12 एकड़ खुद की जमीन, 12 एकड़ लीज पर लेकर कर रहे खेती – Chhattisgarh News



(प्रगतिशील किसान) जिले के जोराताल गांव में एक किसान ने सीमित शिक्षा के बावजूद खेती में ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रहा है। नरेश कश्यप पिछले 20 वर्षों से यहां खेती कर रहे हैं और फसल चक्र, मौसम की समझ और नई तकनीकों के जरिए उत्पादन में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर चुके हैं। नरेश कश्यप वर्तमान में 12 एकड़ खुद की जमीन के साथ 12 एकड़ लीज पर लेकर कुल 24 एकड़ में खेती कर रहे हैं। उनकी खेती का मुख्य आधार सब्जी उत्पादन है, जिसमें खीरा, ककड़ी, बैंगन जैसी फसलें प्रमुख हैं। नरेश बताते हैं कि वे सालभर एक ही फसल पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि मौसम के अनुसार फसल चक्र अपनाते हैं। दलहन फसल लेने के बाद वे सब्जियां उगाते हैं और फिर गेहूं या धान की खेती करते हैं। इससे जमीन की उर्वरक क्षमता बनी रहती है और उत्पादन में करीब 50 प्रतिशत तक वृद्धि होती है। नरेश हर साल 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच गेहूं की बोआई करते हैं। वे 20-20 दिन के अंतराल में खाद और सिंचाई देते हैं। करीब 120 दिनों में फसल तैयार हो जाती है। पिछले सीजन में उन्होंने करीब 18 क्विंटल गेहूं का उत्पादन लिया। खेती के साथ मिट्टी के स्वास्थ्य पर दिया ध्यान खेती के साथ वे मिट्टी के स्वास्थ्य पर भी खास ध्यान देते हैं। फसल कटाई के बाद वे खेत को जोतकर 60 दिनों तक खाली छोड़ देते हैं। इससे जमीन में मौजूद फंगस और हानिकारक कीटाणु नष्ट हो जाते हैं, जिससे अगली फसल बेहतर होती है। नरेश कश्यप केवल 5वीं पास हैं, लेकिन उन्होंने अपनी समझ और अनुभव से खेती के गुर सीखे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में टीवी पर मौसम की जानकारी देखकर फसल की स्थिति को समझते थे। फसल के रंग और पत्तियों की हालत देखकर बीमारी और जरूरत का अंदाजा लगाता था। करीब चार साल में मौसम और फसल का तालमेल समझ में आ गया। 30 हजार रुपए की लागत से उत्पादन शुरू नई तकनीक अपनाने में भी नरेश पीछे नहीं हैं। उन्होंने यूट्यूब के जरिए बटन मशरूम की खेती सीखी और मात्र 30 हजार रुपए की लागत से उत्पादन शुरू कर दिया। खास बात यह है कि उन्होंने अधिकांश संसाधन अपने खेत से ही जुटा लिए, जिससे लागत कम रही और मुनाफा बढ़ा। नरेश पूरे साल मौसम के अनुसार सब्जियों की खेती करते हैं, जिससे उन्हें नियमित आय मिलती है। स्थानीय बाजार में उनकी सब्जियों की अच्छी मांग रहती है। कम पढ़ाई के बावजूद वैज्ञानिक तरीके, फसल चक्र और नई तकनीकों का उपयोग कर रहे है। अब नरेश सही समझ और मेहनत से मुनाफा कमा रहे है। उन्होंने 700 ग्राम बीज में एक एकड़ में 11 क्विंटल राहर की पैदावार की थी। साथ ही कवर्धा जैसे वातावरण में अनार की भी पैदावार कर जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन चुके है। आज उनके पास कवर्धा सहित आसपास के किसान बड़ी संख्या में तकनीक सीखने पहुंचते है।
——— इन प्रगतिशील किसान से और जानें… नरेश कश्यप, ग्राम जोराताल मो 8815994592


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button