विज्ञापन दें / सहयोग करें

कल से चैत्र नवरात्रि…. मंदिरों में उमड़ेंगे भक्त: रायपुर के मंदिरों में ज्योति कलश जलाने के लिए खास तैयारियां, दुर्लभ संयोग में होगी कलश स्थापना – Raipur News



चैत्र नवरात्रि इस वर्ष 19 मार्च से 27 मार्च तक पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। रायपुर के मंदिरों में भी ज्योति कलश जलाने के लिए खास तैयारी की गई है। लंबे समय बाद ऐसा विशेष संयोग बन रहा है जब अमावस्या तिथि में कलश स्थापना की जाएगी, जिसे ज्योतिष शास्त्र में अत्यंत दुर्लभ और शुभ माना गया है। 19 मार्च को शुक्ल और ब्रह्म योग का भी अद्भुत संयोग बन रहा है, जो धार्मिक दृष्टि से अत्यंत फलदायी माना जाता है। इस बार नवरात्रि की शुरुआत प्रतिपदा के स्थान पर अमावस्या तिथि में हो रही है, जो इसे और भी विशेष बना रही है। खास बात यह है कि इस बार दुर्गा अष्टमी और राम नवमी एक ही दिन पड़ रही हैं, जिससे यह संयोग अत्यंत शक्तिशाली और पुण्यदायी बन गया है। पंचांग के अनुसार नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह 11:48 बजे शुरू होगी और 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे समाप्त होगी। भगवान श्रीराम का जन्म अभिजीत मुहूर्त (करीब दोपहर 12 बजे) में हुआ माना जाता है, इसलिए उनकी जयंती 26 मार्च को ही मनाई जाएगी।
साथ ही, पूरे नवरात्रि के दौरान रवि योग का प्रभाव भी रहेगा, जो धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा और धर्म के प्रसार में सहायक होगा। रायपुर के मंदिरों में खास तैयारियां रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर में करीब 11 हजार ज्योत जलाए जाएंगे। गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने ग्रीन नेट की व्यवस्था की है। इसके अलावा मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। आकाशवाणी स्थित काली माता मंदिर में करीब 2500 ज्योति कलश जलाए जाएंगे। यहां कलश स्थापना दोपहर 12 होगी। समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में करीब 200 ज्योति कलश स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं डंगनिया स्थित शीतला माता मंदिर में 1100 ज्योति कलश जलाए जाएंगे।
हर नवरात्रि का अलग महत्व चैत्र और आश्विन नवरात्रि को प्रकट नवरात्रि कहा जाता है, जिनमें आम श्रद्धालु देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं। वहीं माघ और आषाढ़ मास की नवरात्रि गुप्त नवरात्रि के रूप में जानी जाती है, जिनमें तंत्र और साधना से जुड़े साधक देवी की दस महाविद्याओं की उपासना करते हैं। इस प्रकार एक वर्ष में कुल चार नवरात्रि आती हैं—दो प्रकट और दो गुप्त, जिनका अपना-अपना आध्यात्मिक महत्व है।
कलश स्थापना से होगी शुरुआत नवरात्रि की शुरुआत घटस्थापना यानी कलश स्थापना से होती है, जिसे देवी दुर्गा का प्रतीक माना जाता है। रायपुर के ज्योतिषाचार्य अमिताभ दूबे और पं. मनोज शुक्ला के मुताबिक, पहले दिन घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापित किया जाता है और इसी के साथ नौ दिनों तक चलने वाली पूजा आरंभ हो जाती है। श्रद्धालु इन दिनों व्रत रखते हैं, सुबह-शाम माता की आरती करते हैं और मंत्र जप, ध्यान तथा देवी से संबंधित ग्रंथों का पाठ करते हैं। इस दौरान देशभर के शक्तिपीठों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और भक्ति का वातावरण अत्यंत दिव्य हो जाता है। संवत् 2083 भी विशेष रहने वाला है, क्योंकि ज्येष्ठ मास में अधिकमास का संयोग बन रहा है। 17 मई से 15 जून तक यह अधिकमास रहेगा, जिसके कारण यह संवत्सर 13 महीनों का होगा। इस संवत्सर का नाम ‘रौद्र’ है, जिसमें बृहस्पति को राजा और मंगल को मंत्री माना गया है। अधिकमास को पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है और यह भगवान विष्णु की उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस अवधि में लोग जप, तप, दान, कथा, तीर्थयात्रा और पूजा-पाठ करते हैं, हालांकि इस समय विवाह, गृह प्रवेश या नए व्यापार की शुरुआत जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। पालकी में सवार होकर आएंगी माता वासंतिक नवरात्रि में माताभगवती इस वर्ष डोला अर्थात पालकी पर सवार होकर आएंगी। माता का वाहन गज हाथी होगा ,जो अत्यंत शुभ माना जाता है। इसे भगवान गणेश का स्वरूप भी माना जाता है। अष्टमी व्रत और कन्या पूजन 26 कोजो श्रद्धालु अष्टमी का व्रत करते हैं। वे 26 मार्च को अष्टमीपूजन कर कन्याओं को भोजन कराएंगे। इस दिन घरों औरमंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन का आयोजनकिया जाएगा। शास्त्रों में देवी के आह्वान और घट स्थापना के लिए अभिजित मुहूर्त को सर्वश्रेष्ठ माना गया है।
नौ देवियों की होगी पूजा चैत्र नवरात्रि के नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व होता है। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की जाती है, जिन्हें शक्ति और स्थिरता का प्रतीक माना जाता है। दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है, जो तप, त्याग और आत्मसंयम की प्रेरणा देती हैं। तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है, जिनकी कृपा से भय दूर होता है और साहस में वृद्धि होती है। चौथे दिन मां कूष्मांडा की आराधना की जाती है, जिनकी कृपा से ज्ञान, ऊर्जा और समृद्धि प्राप्त होती है। पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है, जो मातृत्व और संतान सुख का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। छठे दिन मां कात्यायनी की आराधना होती है, जिनकी कृपा से विवाह संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है, जिन्हें नकारात्मक शक्तियों का नाश करने वाली देवी माना जाता है। आठवें दिन मां महागौरी की आराधना होती है, जिनकी पूजा से जीवन में शांति, सौंदर्य और पवित्रता आती है। नौवें और अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है, जो भक्तों को सिद्धि, सफलता और पूर्णता का आशीर्वाद देती हैं। इस प्रकार चैत्र नवरात्रि का प्रत्येक दिन भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होता है, जो श्रद्धालुओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनता है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button