PM Awas Yojana: देश में छत्तीसगढ़ और प्रदेश में बिलासपुर अव्वल, 40 हजार गरीबों के बने आशियाने
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में अपनी सफलता का परचम लहराया है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में मात्र 10 माह के भीतर रिकॉर्ड पांच लाख आवास पूर्ण कर राज्य ने ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि में बिलासपुर जिला प्रदेश के साथ-साथ देश के लिए रोल माडल बनकर उभरा है। जिले ने पिछले दो वर्षों से अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए आवास निर्माण की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य के इतिहास में यह एक उपलब्धि है जब एक वित्तीय वर्ष में पांच लाख परिवारों को पक्की छत नसीब हुई है।
बिलासपुर जिला इस सफलता का मुख्य केंद्र रहा है। जिले ने न केवल इस वर्ष 39,844 आवास बनाकर शीर्ष स्थान पाया, बल्कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी 40,000 आवासों का लक्ष्य पूरा कर प्रदेश में मिसाल पेश की थी। पिछले दो सालों से बिलासपुर लगातार आवास निर्माण की रेस में सबसे आगे बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, मानसून की चुनौतियों के बीच भी राज्य में प्रतिदिन औसतन 1600 से अधिक घरों का निर्माण किया गया। बिलासपुर जिले की बिल्हा और मस्तूरी जनपद पंचायतों ने इस लक्ष्य को हासिल करने में कड़ी मेहनत की है।
बिलासपुर के बाद महासमुंद, बलरामपुर और कोरबा जिलों का स्थान रहा, लेकिन निर्माण की गति और गुणवत्ता के मामले में बिलासपुर जिले के आसपास भी कोई जिला नहीं पहुंच सका। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की सक्रियता और गरीबों को उनका आशियाना समय पर सौंपने की प्रतिबद्धता का सुखद परिणाम है।
इन जिलों ने भी दिखाई आवास निर्माण में रफ़्तार
जिला पूर्ण आवास
बिलासपुर 39,844
महासमुंद 27,224
बलरामपुर 27,012
कोरबा 26,839
रायगढ़ 26,707
विकासखंडों ने आवास निर्माण में झोंकी ताकत
बिलासपुर को नंबर वन बनाने में ग्रामीण क्षेत्रों का बड़ा योगदान है। मस्तूरी और बिल्हा जनपद पंचायतों के साथ राज्य की आरंग, डभरा और पाली व जनपदों ने भी 7,500 से अधिक आवास तैयार किए हैं। प्रतिदिन 1600 आवासों के औसत ने छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बना दिया है।
यह हैं प्रथम आने के पांच कारण
स्वीकृति करते ही पहली किस्त का समय पर भुगतान।
समयबद्ध तरीके से सभी किस्त का भुगतान करना, जिससे प्रगति बनी रही।
मनरेगा के तहत समय पर मजदूरी का भुगतान, जिससे समय पर काम पूरा हुआ।
सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाए इसके लिए दुकानों की सूची भी उपलब्ध कराई।
ग्रामीण क्षेत्र में राजमिस्त्री के अलावा रानी मिस्त्रियों की भागीदारी से यह संभव हो पाया।
यह भी पढ़ें- दवा कंपनी में दोगुना मुनाफे का झांसा देकर 12.50 लाख की ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार
बिलासपुर जिला लगातार दूसरे वर्ष आवास निर्माण में पूरे प्रदेश में शीर्ष पर है। पिछले वर्ष 40 हजार आवासों का लक्ष्य पूरा करने के बाद इस वर्ष भी हम 39,844 घरों के साथ नंबर वन बने हुए हैं। यह टीमवर्क और जमीनी स्तर पर जनपद पंचायतों के बेहतर समन्वय का नतीजा है कि हजारों गरीबों के अपने आशियाने का सपना सच हुआ है।संदीप अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत बिलासपुर।
Source link












