धमतरी का युवक अग्निवीर बना, ट्रेनिंग के बाद लौटा: वार्डवासियों ने गाजे-बाजे के साथ किया स्वागत, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी में अग्निवीर भावेश कुर्रे का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शहर लौटने पर स्वागत किया गया। धमतरी शहर के साल्हे वारपारा वार्ड निवासी भावेश का चयन अग्निवीर इंडियन आर्मी जीडी में हुआ है।
.
ट्रेनिंग से लौटने के बाद वार्डवासियों ने ढोल-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। भावेश कुर्रे ने बताया कि वह पहली बार बाजे की धुन पर थिरके। धमतरी पहुंचने पर उन्होंने बिलाई देवी के दर्शन किए, जिसके बाद एक शोभायात्रा भी निकाली गई।
जवान ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की
भावेश कुर्रे ने अपनी शिक्षा 12वीं तक पूरी की है। उन्होंने बताया कि अग्निवीर में चयन से पहले वह पढ़ाई के साथ-साथ कूलर पेटी बनाने का काम भी करते थे। उन्होंने चार-पांच महीने तक कड़ी मेहनत की, जिसमें पढ़ाई और ग्राउंड पर अभ्यास शामिल था। उनकी भर्ती प्रक्रिया 2024 में रायगढ़, छत्तीसगढ़ में संपन्न हुई थी।
इस अवसर पर भावेश कुर्रे ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को कड़ी मेहनत करनी चाहिए, पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए।
<










