रामानुजगंज में गोवर्धन पूजा का आयोजन: संत गोविंद भगत बोले-सच्ची श्रद्धा और भक्ति से अग्नि और ताप भी साधक को नुकसान नहीं पहुंचा – Balrampur (Ramanujganj) News
रामानुजगंज के ग्राम विजयनगर स्थित बाकी नदी के तट पर इस वर्ष आयोजित गोवर्धन पूजा महोत्सव में आस्था, विश्वास और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस दौरान बनारस के प्रसिद्ध संत गोविंद भगत के चमत्कारी प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
.
कार्यक्रम में गोविंद भगत ने उबलते हुए दूध में स्नान कर अपनी साधना का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से अग्नि और ताप भी साधक को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। इसके अलावा उन्होंने अपना सिर हवन कुंड की अग्नि में डालकर भी साधना की, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
गोवर्धन पूजा का महत्व बताया
इस चमत्कार के बाद श्रद्धालुओं ने “ जय श्री कृष्णा” के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान कर दिया। गोविंद भगत ने अपने प्रवचन में गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व द्वापर युग से संबंधित है, जब भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के क्रोध से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था।
उन्होंने बताया कि यह पर्व प्रकृति, गोवंश और अन्नदाता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन कर सभी के कल्याण की प्रार्थना की। इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपरा को जीवित रखते हैं। साथ ही, ये समाज को एकता, आस्था और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी देते हैं। इस आयोजन में यादव समाज के जिला एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
<










