आबकारी विभाग ने 110 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पहंदा सबरिया डेरा पर कार्रवाई, 1400 किलो लाहन भी नष्ट – sarangarh News
सारंगढ़-बिलाईगढ़ आबकारी विभाग ने पहंदा सबरिया डेरा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 6 नवंबर, 2025 को हुई इस कार्रवाई में 110 लीटर कच्ची महुआ शराब और 1400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। यह कार्रवाई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ की गई है
.
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश तथा कलेक्टर संजय कन्नौजे और जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी वृत्त कोसीर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पहंदा सबरिया डेरा में नाले के पास भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब का निर्माण और विक्रय हो रहा है।
आबकारी टीम ने शराब बनाने की भट्टी, पॉलीथिन के पाउच बरामद की
सूचना की पुष्टि होने के बाद, आबकारी टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके से शराब बनाने की भट्टी, मदिरा पैक करने के लिए पॉलीथिन के पाउच और 200 मिलीलीटर क्षमता वाली 200 छोटी पॉलीथिन झिल्लियां बरामद हुईं।
इसके अतिरिक्त, 20-20 लीटर क्षमता के दो सफेद जरीकेन और 30 लीटर क्षमता का एक नीला जरीकेन भी जब्त किया गया। इन जरीकेनों में कुल 110 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी।
1400 किलोग्राम महुआ लाहन भी किया जब्त
शराब बनाने के लिए सड़ाकर तैयार किया गया 1400 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। यह लाहन सात बड़े नीले ड्रमों में भरा था, प्रत्येक में 200 किलोग्राम महुआ लाहन था।
जब्त कच्ची महुआ शराब को आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया, जबकि महुआ लाहन का विधिवत नष्टीकरण किया गया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), (च) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
<









