विधायक ने 2 साल के ऋषि से मुलाकात की: अमर अग्रवाल ने ट्रेन हादसे के घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने मेमू ट्रेन हादसे के घायलों से मुलाकात की। उन्होंने 2 साल के ऋषि सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। अग्रवाल ने कहा कि शासन-प्रशासन प्रभावितों की हर संभव सहायता कर रहा है।
.
विधायक अग्रवाल ने अरपा मेडिसिटी, रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो अस्पताल में घायलों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर विधायक ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और प्रशासन घायलों की हर संभव मदद कर रहे हैं और उनकी स्थिति में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने ऋषि की बुआ से मिलकर संवेदना व्यक्त की
हादसे में देवरीखुर्द का दो वर्षीय मासूम ऋषि भी घायल हुआ है, जिसके माता-पिता और नाना-नानी की मृत्यु हो गई है। विधायक ने अस्पताल में ऋषि की बुआ से मिलकर संवेदना व्यक्त की। हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तुलाराम अग्रवाल, आराधना निषाद और नीरज निषाद सहित छह लोग अभी विशेष चिकित्सा निगरानी में हैं।
अपोलो अस्पताल में विधायक ने प्रबंधन प्रभारी अभय गुप्ता से इलाज संबंधी उपकरणों और सामग्री की जानकारी ली और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अमर अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और सभी घायलों को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की प्रार्थना की।
<









