गोवंश को 50 से ज्यादा बार चाकू से गोदा: भिलाई में गोवर्धन पूजा के अगले दिन हमला, आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया – durg-bhilai News
भिलाई में गोवर्धन पूजा के अगले ही दिन कुछ असामाजिक तत्वों ने एक गोवंश पर धारदार हथियार से 50 से ज्यादा बार हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार किया और तुरंत छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई
.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घटना के बाद पुलिस टीम इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। मामला छावनी थाना क्षेत्र के संतोषी पारा कैंप-2 का है।
स्थानीय लोगों ने गोवंश के जख्मों पर हल्दी लगाया गया।
आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग
इधर, घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने दो घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
क्षेत्र में बढ़ रही है नशाखोरी
इसी बीच बजरंग दल और बीजेपी कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संतोषी पारा और आसपास के इलाकों में नशाखोरी, जुआ और अवैध शराब का व्यापार खुलेआम चल रहा है।
जिससे अपराधों में वृद्धि हो रही है। कार्यकर्ताओं ने एसएसपी विजय अग्रवाल से छावनी थाने में पुलिस बल की कमी को दूर करते हुए जल्द ही यहां पर्याप्त बल तैनात करने की मांग की।
बजरंग दल और बीजेपी के कार्यकर्ता थाने पहुंचे।
इस क्षेत्र में लगातार हो रही है घटनाएं
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कैंप क्षेत्र में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिनों के भीतर इंसानों और जानवरों दोनों पर हमले हो चुके हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि गाय के शरीर पर ब्लेड से भी कई जगह वार किए गए हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई है।
लोगों ने कहा कि ऐसा कृत्य कोई होश में नहीं कर सकता, यह नशे में धुत व्यक्ति का काम है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त और नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी को जल्द करेंगे गिरफ्तार- सीएसपी
सीएसपी हेमप्रकाश नायक ने बताया कि संतोषी पारा कैंप-2 क्षेत्र में गाय को करीब 50-60 चोटें पहुंचाई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इलाके में बाइक पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि यह जघन्य कृत्य किसने किया है। फिलहाल, घायल गोवंश का शासकीय पशु अस्पताल में इलाज जारी है और आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं।
<










