विज्ञापन दें / सहयोग करें

सहायक पशु चिकित्सक सुरेन्द्र सिंह भाटिया के विरुद्ध की गई शिकायत पाई गई झूठी और निराधार

विभागीय जांच में बेदाग निकले भाटिया, शिकायतकर्ता गुरुनाम सिंह ने कलेक्टर को किया गुमराह

रिपोर्ट: गौरी शंकर गुप्ता

घरघोड़ा। विकासखंड घरघोड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिमटापानी में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सक सुरेन्द्र सिंह भाटिया के विरुद्ध की गई शिकायत पूरी तरह से झूठी, निराधार और द्वेषपूर्ण पाई गई है। रायगढ़ कलेक्टर जनदर्शन में 6 मई 2025 को गुरुनाम सिंह खालसा स्टील के संचालक द्वारा की गई शिकायत की जांच में यह बात सामने आई है कि शिकायत में दिए गए 67 ग्रामीणों के नाम और हस्ताक्षर फर्जी हैं।

जांच समिति ने मौके पर पहुंचकर की निष्पक्ष जांच

जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति — डॉ. ललित कुमार विश्वाल (लैलूंगा), डॉ. चितरंजन (धौराभांठा) और डॉ. दिनेश कुमार (घरघोड़ा) — 23 मई को बिना पूर्व सूचना के चिमटापानी पशु औषधालय पहुंची। वहां सहायक चिकित्सक भाटिया कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए। समिति ने मौके पर ही दस्तावेजों, पंजी रजिस्टर और उपस्थिति विवरणों का गहन निरीक्षण किया, जो पूरी तरह अद्यतन और पारदर्शी मिले।

ग्रामीणों ने बताए फर्जी हस्ताक्षर

जांच के दौरान समिति ने गांव के सरपंच, पंच, पशुपालकों और ग्रामीणों से मुलाकात की और शिकायत में उल्लेखित नामों की पुष्टि की। 67 में से केवल 4 नाम ही वास्तविक निकले, शेष सभी हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। ग्रामीण जयलाल राठिया, भीक्षा लाल राठिया और श्याम सुंदर राठिया ने अपने हस्ताक्षर को फर्जी बताया, जबकि चौथे ग्रामीण सोहन दास ने भाटिया की कार्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रतिदिन उपस्थित और ईमानदार कर्मचारी बताया।

द्वेष की भावना से की गई शिकायत

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गुरुनाम सिंह, सुरेन्द्र सिंह भाटिया का सगा भांजा है और पूर्व में भी दिसंबर 2024 में इसी प्रकार की एक शिकायत कर चुका है, जो जांच में फर्जी पाई गई थी। इस बार भी उसने कलेक्टर जैसे उच्च अधिकारी को गुमराह करने का प्रयास किया और अपने निजी स्वार्थों एवं पारिवारिक द्वेष के चलते झूठे आरोप लगाए।

मौके पर नहीं पहुंचा शिकायतकर्ता

जांच समिति द्वारा गुरुनाम सिंह को फोन पर सूचना देकर मौके पर बुलाया गया, किंतु वह उपस्थित नहीं हुआ। उसकी अनुपस्थिति से भी यह स्पष्ट हो गया कि शिकायत पूर्व नियोजित दुर्भावना से प्रेरित थी। जांच टीम ने उसकी अनुपस्थिति में रिपोर्ट तैयार कर रायगढ़ कलेक्टर को सौंप दी।

प्रशासन और कर्मचारियों की प्रतिष्ठा पर आघात

इस प्रकरण ने न केवल एक ईमानदार शासकीय कर्मचारी की प्रतिष्ठा पर आघात किया, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को गुमराह करने का भी गंभीर प्रयास किया गया। प्रबुद्ध नागरिकों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि झूठी शिकायतों के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ने की कोशिशों पर अंकुश लगाया जा सके।

यह पूरा मामला दर्शाता है कि सत्य की विजय अंततः होती है, और सुरेन्द्र सिंह भाटिया जैसे समर्पित कर्मचारियों की प्रतिष्ठा झूठे आरोपों से प्रभावित नहीं हो सकती।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button