विज्ञापन दें / सहयोग करें

कुनकुरी के निर्मला हॉस्टल से 8 छात्राएं लापता, एक लौटी, 7 की तलाश जारी

शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल

जशपुर/कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित मिशन संस्था द्वारा संचालित निजी निर्मला हॉस्टल से कल रात 8 छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। सुबह इनमें से एक छात्रा वापस हॉस्टल पहुंच गई, जबकि 7 छात्राएं अभी भी लापता बताई जा रही हैं। घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन, परिजनों और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा हुआ है।


जानकारी के अनुसार, लापता सभी छात्राएं 9वीं और 10वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। छात्राएं किन परिस्थितियों में हॉस्टल से बाहर गईं और उनके लापता होने के पीछे क्या वजह है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। एक छात्रा के वापस लौटने के बाद मामले की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन निर्मला हॉस्टल पहुंचे। परिजन अपनी बेटियों की जानकारी लेने और उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित हैं। वहीं, 7 लापता छात्राओं की तलाश के लिए खोजबीन शुरू कर दी गई है।

निर्मला हॉस्टल मिशन संस्था द्वारा संचालित किया जाता है, जहां क्षेत्र की छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था, छात्राओं की निगरानी और उनके हॉस्टल से बाहर जाने की परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सभी छात्राओं को जल्द सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।

शिक्षा विभाग से संपर्क का प्रयास, अधिकारी ने फोन नहीं उठाया

इस संवेदनशील मामले में जब जिला शिक्षा प्रभारी अधिकारी नरेंद्र सिन्हा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। खबर लिखे जाने तक शिक्षा विभाग की ओर से भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि जशपुर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी का पद पिछले कई महीनों से रिक्त है। वर्तमान में डीएमसी नरेंद्र सिन्हा को जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार दिया गया है। ऐसे में हॉस्टल से नाबालिग छात्राओं के लापता होने जैसी गंभीर घटना में शिक्षा विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल 7 लापता छात्राओं की तलाश जारी है। छात्राएं किन परिस्थितियों में हॉस्टल से बाहर गईं और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button