विज्ञापन दें / सहयोग करें

जशपुर पुलिस ने कुख्यात लुटेरा अमेरिकन को किया गिरफ्तार,जिले में सिलसिलेवार लूट की तीन घटनाओं का हुआ खुलासा

जशपुर जशपुर जिले में हाल ही में घटित तीन लूट की गंभीर घटनाओं के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात एवं आदतन अपराधी अमेरिकन पैकरा, निवासी मानपुर, थाना बतौली, जिला सरगुजा (छ.ग.), को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

 

घटना का विवरण:

दिनांक 14.04.2025 को बगीचा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग लूट की घटनाएं दर्ज की गई थीं:

  1. प्रकाश गुप्ता, निवासी सराईटोली, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह मारोल के साप्ताहिक बाजार में गल्ला खरीदने गया था, तभी दोपहर लगभग 1:30 बजे तीन अज्ञात युवक अपाचे मोटरसाइकिल से आए। दो युवकों ने देशी कट्टा दिखाकर उससे 46,700 रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया।
  2. उसी दिन सतीश यादव, निवासी फिरोजपुर, जो यूएस एग्रो सीड कंपनी में कार्यरत है, ने रिपोर्ट दी कि ग्राम गुरमाकोना में तीन अज्ञात युवकों ने कट्टा दिखाकर 1,800 रुपये और मोबाइल लूट लिया।

इसके अतिरिक्त ग्राम अलोरी सोनक्यारी में भी एक व्यापारी से लगभग 45,000 रुपये लूटे जाने की शिकायत दर्ज की गई थी।

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानव स्रोतों की मदद से मामले की तफ्तीश शुरू की। जांच में अमेरिकन पैकरा की संलिप्तता सामने आई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने तीनों लूट की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही, उसने ग्राम सोनक्यारी से एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा मरोल की लूट में प्रयुक्त अपाचे बाइक को पत्थलगांव के कुमेकेला से चोरी करना कबूल किया। लूटी गई राशि को आरोपी ने शादी, शॉपिंग और घरेलू खर्च में खर्च कर देना बताया।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने 24.04.2025 को जिला कोरबा के ग्राम अमलडीहा, थाना श्यांग में, अपने साथियों धनेश्वर मिंज और रतन लकड़ा के साथ एक और लूट की घटना को अंजाम दिया। धनेश्वर मिंज को पहले ही कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रतन लकड़ा की पहचान कर ली गई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

आरोपी के विरुद्ध बगीचा थाने में भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 309(4) एवं आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अमेरिकन पैकरा एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में थाना सन्ना, कोरबा, बतौली, लखनपुर तथा सीतापुर में चोरी और लूट के प्रकरण दर्ज हैं।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों में से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है और तीसरे आरोपी की तलाश तेजी से जारी है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button