7 दिसंबर को 38 हजार परीक्षार्थी देंगे अमीन भर्ती परीक्षा: 126 सेंटर तैयार, ड्रेस कोड अनिवार्य, परीक्षार्थियों को दो घंटे पहले पहुंचना होगा – Bilaspur (Chhattisgarh) News
बिलासपुर में जल संसाधन विभाग के अमीन पदों की भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले से 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
.
यह परीक्षा बिलासपुर सहित प्रदेश के 16 जिलों में एक साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें सभी जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन व्यापम के निर्देशों के अनुसार पुख्ता तैयारियां कर रहा है। व्यापम ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन निर्देशों में ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य किया गया है। व्यापमं ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने केंद्र का अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा के दिन उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इससे फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से उनकी जांच की जा सकेगी। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी (फ्रिस्किंग) अनिवार्य होगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।
निर्धारित समय से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे तक ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी स्थिति में देर से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गहरे रंग के कपड़े पहने तो प्रवेश नहीं मिलेगा
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। फुल स्लीव शर्ट, जैकेट, गहरे रंग के कपड़े, मोटे तलवे वाले जूते, हाई हील, बड़े बटन युक्त कपड़े और काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित होगा। साधारण स्वेटर बिना पॉकेट के पहनने की अनुमति होगी।
धार्मिक पोशाक के लिए एडवाइजरी जारी
स्वेटर के लिए हल्के रंग और आधे बाहों का बंधन नहीं होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर सामान्य समय से पहले आना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही ऐसे पोशाक में परीक्षा की अनुमति होगी।
महिला अभ्यर्थियों को भारी जेवर पहनने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मान्य फोटो पहचान पत्र (आधार/पैन,ड्राइविंग लाइसेंस/वोटर आईडी) लाना अनिवार्य है।
काले- नीले बॉल पेन के साथ मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र में चप्पल ही पहनकर आने की सलाह दी गई है। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण, नथ, झुमके आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन के साथ ही पाउच, स्कॉर्फ व किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा।
परीक्षा में नकल या किसी भी अनैतिक साधन के उपयोग पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
<











