60 वर्षीय वृद्ध की टंगिए से हत्या: पत्नी के सामने वारदात, नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम पर शक – Bijapur News
बीजापुर जिले के बासागुड़ा थानाक्षेत्र अंतर्गत पूतकेल गांव में एक 60 वर्षीय वृद्ध की टंगिए से मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बीती रात हुई, जब तीन अज्ञात हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान धर्मा सोयम के रूप में हुई है।
.
पुलिस के अनुसार, धर्मा सोयम अपने घर पर सो रहा था। रात करीब 9:30 बजे तीन अज्ञात हमलावर चाकू और टंगिए के साथ घर में घुस गए। हमलावरों ने धर्मा सोयम पर टंगिए से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना धर्मा सोयम की पत्नी के सामने हुई।
इस हत्याकांड के पीछे नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल अज्ञात हमलावरों और नक्सली संलिप्तता, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इसी इलाके के नेलाकांकेर में पिछले महीने नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बासागुड़ा थाना पुलिस पूतकेल गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंची। थानाप्रभारी दीपक साहू भी मौके पर मौजूद हैं और घटना के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
<











