जांजगीर-चांपा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चांपा थाना पुलिस की कस्टडी में 30 वर्षीय शिव सहिस की मौत हो गई। मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस को बुधवार दोपहर चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने उसके घर से पकड़ा था। उस पर 20 लीटर देशी शराब रखने का आरोप था।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले बीडीएम अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने का घेराव कर दिया है। परिजनों ने पुलिस पर शिव सहिस के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा है। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।









