राजनांदगांव में यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, 2 घंटे तक रुकी रही ट्रेन
छत्तीसगढ़ में यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना झूठी निकली। इस संबंध में रेलवे पुलिस ने सूचना देने वाले एक यात्री को हिरासत में ले लिया है। यह घटना राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर हुई, जहां ट्रेन में बम होने की आशंका से हड़कंप मच गया था।
दरअसल, गुरुवार दोपहर यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर रुकते ही एक यात्री सीधे लोको पायलट के पास पहुंचा। यात्री ने लोको पायलट को बताया कि ट्रेन में बम है और वह अगले 10 मिनट में फट जाएगा। इस चौंकाने वाली जानकारी से लोको पायलट घबरा गए।
लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे स्टाफ और स्टेशन मास्टर को दी। बम की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों के साथ-साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), स्थानीय पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन को राजनांदगांव स्टेशन पर ही रोक दिया गया। सुरक्षा टीमों ने ट्रेन की सभी बोगियों की गहन जांच शुरू की। करीब दो घंटे तक चली इस सघन तलाशी अभियान के दौरान ट्रेन में कोई भी बम या अन्य संदिग्ध विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
राजनांदगांव स्टेशन मास्टर आरके बर्मन ने बताया कि यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस दोपहर करीब 2: 30 बजे स्टेशन पर पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने लोको पायलट को ट्रेन में बम होने की सूचना दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों के साथ आरपीएफ, जीआरपी और सीएसपी को तत्काल सूचित किया गया।
सभी सुरक्षा एजेंसियों ने बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें भी स्टेशन पर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन की सभी बोगियों के साथ-साथ यात्रियों के सामान की भी बारीकी से जांच की, लेकिन किसी भी तरह का बम या विस्फोटक नहीं मिला।
बम की आशंका दूर होने और जांच पूरी होने के बाद, शाम करीब 4: 30 बजे ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए आगे रवाना किया गया। स्टेशन मास्टर आरके बर्मन के अनुसार, इस घटना के कारण यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को रोकना पड़ा, लेकिन अन्य ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। रेलवे ने दूसरी पटरियों से रेल यातायात सुचारू रखा।
स्टेशन पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा करने वाले संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसका सामान भी जब्त कर लिया गया है। बाद में उसे जीआरपी राजनांदगांव के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना क्यों दी थी और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।











