गोवर्धन पूजा पर यादव समाज ने बुजुर्गों का किया सम्मान: सामाजिक एकता का दिया संदेश, अजीत कुकरेजा बोले- हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर – Raipur News
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर श्री कृष्ण यादव समाज सेवा समिति की ओर से श्याम नगर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के बुजुर्गों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए उनके योगदान को सम्मानित करना था।
.
बुजुर्गों को शॉल, पुष्पमाला और सम्मान पत्र भेंट कर उनकी जीवन यात्रा और समाज के प्रति उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए और युवा पीढ़ी को सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद अजीत कुकरेजा ने अपने उद्बोधन में कहा, हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं। उनके मार्गदर्शन और अनुभवों से ही हमारी संस्कृति और समाज मजबूत होता है। गोवर्धन पूजा के इस पवित्र अवसर पर उनका सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है।”
समारोह में यादव समाज के अध्यक्ष राजू यादव ने गोवर्धन पूजा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत की पूजा और प्रकृति संरक्षण के संदेश को याद दिलाया।
कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों की भी उत्साहजनक भागीदारी रही। वरिष्ठजनों ने अपने जीवन अनुभव साझा किए और युवाओं को संस्कृति और परंपराओं को सहेजने की प्रेरणा दी। समारोह का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक भोज के साथ हुआ।
सभी ने सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए इस आयोजन को यादगार बना दिया। यादव समाज ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता, संस्कृति और सेवा भाव को आगे बढ़ाया जाएगा।
<









