बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हेतु मिशन मोड में कार्य करें – कलेक्टर व्यास
यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत प्राचार्यों, बीईओ और एबीईओ की समीक्षा बैठक संपन्न
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्राचार्यों, बीईओ और एबीईओ की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्री-बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें और उनकी उपस्थिति में पालक-शिक्षक बैठक आयोजित करें। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षा के लिए बहुत कम समय बचा है, इसलिए सभी को व्यक्तिगत रूप से विशेष प्रयास करने होंगे। उन्होंने जोर दिया कि मेधावी विद्यार्थियों को राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान दिलाने और सामान्य छात्रों के प्रदर्शन में सुधार के लिए केंद्रित प्रयास किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे जिले को राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए मिशन मोड में कार्य करना होगा। शिक्षकों को विद्यार्थियों के प्रति आदर्श व्यवहार अपनाने और आगामी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए मिशन 40 डेज की गतिविधियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके तहत संडे क्लास और उपचारात्मक कक्षाएं नियमित रूप से संचालित करने को कहा गया। कलेक्टर ने इस वर्ष जिले के 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम का लक्ष्य रखा है और प्राचार्यों को विद्यार्थियों की योग्यता के अनुरूप परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए।
निगरानी और रणनीति पर विशेष जोर
बैठक में शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर शिक्षकों को विद्यार्थियों को अधिक समय देना चाहिए और उनकी शंकाओं का समाधान करना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार भटनागर ने कहा कि सभी प्राचार्य व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी लें कि विद्यालय के 100 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हों। परीक्षा की कम अवधि को देखते हुए रणनीति बनाकर मेहनत और लगन से कार्य करें तथा प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और परीक्षा परिणाम सुधारने के प्रयासों की जानकारी भी ली।
मिशन 40 डेज की कार्ययोजना
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने मिशन 40 डेज की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए और उन्हें प्रश्नों को समझकर हल करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विषय शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कर उनकी गलतियों से उन्हें अवगत कराएं और सुधार के उपाय सुझाएं।
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, यशस्वी जशपुर के सदस्य संजीव शर्मा, अवनीश पांडेय सहित जिले के शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।













