वुमन्स अंडर-23 वन-डे ट्रॉफी; छत्तीसगढ़ की बड़ी हार: कर्नाटक ने 234 रनों से हराया, 361 के जवाब में सीजी की टीम महज 127 पर सिमटी – Raipur News
वुमन्स अंडर 23 वन-डे ट्रॉफी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ अंडर-23 की महिला टीम को कर्नाटक के खिलाफ 234 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सोमवार को जयपुर में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 361 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कर्नाटक की ओर से निकी प्रसाद ने शानदार शतक लगाते हुए 123 रन बनाए। इसके अलावा रचिता हटवार ने 92 रन, चंदासी के ने 53 रन तथा श्रेय चव्हाण ने नाबाद 35 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी में साक्षी शुक्ला, राधिका नेताम और रिशिका श्रीवास्तव ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए 127 रन पर सिमटी टीम 362 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम 35 ओवर में 127 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से ऐश्वर्या सिंह ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। कप्तान कुमुद साहू ने 27 रन तथा मिताली शर्मा ने 16 रन का योगदान दिया। कर्नाटक की ओर से गेंदबाजी में वंदिता राव ने 4 विकेट झटके, जबकि पूजा कुमार को 2 विकेट मिले। इस तरह कर्नाटक अंडर-23 महिला टीम ने मुकाबला 234 रन से अपने नाम कर लिया।
<












