Weather News: झुलसाने वाली गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश ने गिराया पारा, चली ठंडी हवाएं | CG News: Due to heavy rain the mercury dropped by 4 degrees
Weather News: 6 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज
दिन का अधिकांश समय बादलों से घिरा रहा। इससे लू जैसे हालातों में कमी आई। लोगों को गर्मी से राहत मिली। बता दें कि पिछले 15 से 20 दिनों से बलौदाबाजार का तापमान लगातार 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना था। इस भीषण गर्मी के चलते दोपहर 11 बजे से शाम 7 बजे तक घर की दीवारें भी भट्टी जैसी तप रही थीं। कई लोग इस दौरान घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। रविवार रात से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने शुरू हो गए थे। सोमवार को इसका असर साफ नजर आया।
मौसम में ठंडक आने के साथ तापमान में 6 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि पिछले दिनों की तुलना में काफी कम था। शहर के लोगों ने लंबे समय बाद चैन की सांस ली। दो महीने बाद ऐसा मौका आया जब बच्चे शाम 4 बजे से ही घरों से निकलकर उद्यानों और खेल मैदानों में नजर आए। ठंडी हवाओं और बादलों से मौसम इतना अनुकूल रहा कि बच्चे घर के बाहर आनंद लेते दिखे।
झमाझम से राहत, लेकिन अंधड़ ने बिगाड़े हालात
मैनपुर इलाके में सोमवार शाम 5.30 से 6.30 बजे के बीच तेज आंधी-तूफान के साथ एक घंटे झमाझम बारिश हुई। इसने लोगों को तेज गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। लंबे समय बाद मानसून जैसे मौसम ने लोगों को सुकून दिया। हालांकि बारिश और तूफान के चलते कई समस्याएं भी सामने आईं।
CG Heat Effect: मौसम ने किसानों को रुलाया, जेठ जैसी झुलसाने वाली गर्मी, मुरझाने लगे टमाटर के पौधे
कई घरों में खपरैल की मरम्मत का काम चल रहा था, जो प्रभावित हुआ। शादी-विवाह वाले घरों में टेंट-पंडाल उखड़ गए। मैनपुर का साप्ताहिक बाजार भी जल्दी सिमट गया। तेज हवाओं से कई सड़कों पर पेड़ों की डालियां गिरीं। बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। वनांचल के कुछ गांवों में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
Weather News: धरसीवां इलाके में भी जमकर बरसे बदरा, साथ में गिरे ओले
Weather News: धरसीवां में अंचल का मौसम सोमवार दोपहर अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ ओलों की बौछार और झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को भिगो दिया। करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट आई। मौसम सुहावना हो गया। सुबह से ही इलाके में तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे। दोपहर बाद मौसम के बदले मिजाज ने सभी को राहत दी।
बारिश के दौरान कई जगहों पर छोटे ओले भी गिरे। एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ कुछ जगहों पर हल्के नुकसान की खबरें भी आईं। बारिश और ओलों की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। तेज हवाओं ने भी अपना असर दिखाया। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं। इसके चलते कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही।
हालांकि बारिश रुकने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी। बता दें कि धरसीवां अंचल में लंबे समय बाद ऐसी बारिश हुई, जिसने गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत दी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव की संभावना जताई है।
बच्चे उठा रहे मजा किसानों पर आफत
Weather News: बीते दो दिन से हो रही झमाझम ने 43 डिग्री तापमान से लोगों को राहत जरूर दी है, लेकिन परेशानी भी कम नहीं हुई। धान की फसल कटने को तैयार है। ऐसे में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लोग बारिश से पहले घर के छप्पर और मरम्मत जैसे कामों में जुटे थे। ये अब अधूरे हैं। बिजली गुल होने से परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोग पहले से ही बिजली की अनियमित आपूर्ति से परेशान थे। बारिश से तो बिजली विभाग को और बहाना मिल गया। हालांकि बारिश का मजा बच्चों ने खूब उठाया, वहीं बड़े छाते लेकर घरों से निकले।
Source link











