‘हमारे पास नही हैं स्मार्टफोन, नहीं देख पाते हैं कब आएगी ट्रेन’, 23 कुलियों की गुहार पर विधायक ने दिलाये फोन
दुर्ग स्टेशन पर कुलियों की समस्याएं सुनकर विधायक रिकेश सेन ने महज 30 मिनट में 23 स्मार्टफोन उपलब्ध कराए। उन्होंने कुलियों को दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यकताओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस पहल से स्टेशन पर तालियों की गूंज और चेहरे पर खुशी नजर आई।
By Anurag Mishra
Publish Date: Thu, 29 May 2025 08:21:49 PM (IST)
Updated Date: Thu, 29 May 2025 08:21:49 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। वैष्णो देवी दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन शनिवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर भावुक क्षणों के साक्षी बने। स्टेशन पर कुलियों ने अपनी दशकों पुरानी समस्याएं उनके सामने रखीं, जिन पर विधायक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे में समाधान कर तालियों की गूंज बटोरी।
स्टेशन की एकमात्र महिला कुली ने विधायक को बताया कि स्टेशन पर कार्यरत 23 कुली परिवार पीढ़ियों से यात्रियों की सेवा में लगे हैं, लेकिन उन्हें न पीएफ-पेंशन, न ही किसी प्रकार की सरकारी चिकित्सा सहायता मिलती है। स्मार्टफोन न होने से उन्हें ट्रेन की लोकेशन या रनिंग स्टेटस की जानकारी नहीं मिलती, जिससे अक्सर वे अपने कार्य में बाधा महसूस करते हैं।
महिला कुली की बात सुनते ही अन्य कुली भी वहां पहुंचे और अपनी समस्याएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि अधिकतर के पास केवल की-पैड फोन या पुराने 3जी मोबाइल हैं। ट्रेन की सटीक जानकारी न होने से उन्हें घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है या भोजन के दौरान ट्रेन छूट जाती है।
महज 5 मिनट में आ गए स्मार्टफोन
विधायक ने तत्परता दिखाते हुए जवाहर नगर मार्केट व्यापारी संघ से संपर्क किया और 5जी स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की अपील की। जनसहयोग से महज 30 मिनट में 23 स्मार्टफोन स्टेशन पहुंचा दिए गए। विधायक सेन के हाथों फोन पाकर कुलियों के चेहरे खिल उठे।
दुर्घटना बीमा दिलाने का दिया आश्वासन
इस अवसर पर विधायक ने कुलियों को “वास्तविक श्रम की प्रतिमूर्ति” बताते हुए उन्हें दुर्घटना बीमा और निजी अस्पतालों में 40% छूट पर इलाज की सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार को पत्र लिखकर अन्य आवश्यकताओं के समाधान का भी वादा किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने वैष्णोदेवी और स्वर्ण मंदिर दर्शन के लिए रवाना हो रहे जत्थे को गमछा पहनाकर विदाई दी।
Source link













