जीपीएम में बारिश से जलप्रपात, नदियां मनमोहक: झोझा, जोगी गुफा और लक्ष्मण घाटपर उमड़ी पर्यटकों की भीड़, प्रशासन ने सतर्क रहने कहा – Gaurela News
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लगातार कई दिनों की बारिश के बाद जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित नदी-नाले और जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर हैं। झोझा जलप्रपात, जोगी गुफा, लक्ष्मण घाट और छोटकी रिवार समेत कई प्राकृतिक स्थल इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बारिश थमते ही बड़ी संख्या में पर्यटक इन स्थानों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। जिले के सबसे ऊंचे झोझा जलप्रपात के तीनों स्तरों से तेज धार में गिरता पानी लोगों को आकर्षित कर रहा है। वहीं जोगी गुफा की ऊंची चट्टानों से गिरता जलप्रपात, लक्ष्मण घाट और छोटकी रिवार क्षेत्र में पहाड़ियों से बहते नए-नए झरनों का नजारा भी देखने लायक है। नदियों में बढ़ा जलस्तर बारिश के बाद जिले की सोन, अरपा, तान, तिपान, बम्हनी, जोहिला, मलनिया और एलान नदियों में भी जलस्तर बढ़ गया है। बहते पानी और हरियाली ने इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा दिया है। सेल्फी के चक्कर में न लें जोखिम पर्यटन स्थलों पर कई लोग तेज बहाव वाले इलाकों में जाकर सेल्फी और फोटो खिंचवाते भी नजर आ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलप्रपातों के पास पूरी सावधानी बरतें तथा फोटो के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
<













