विज्ञापन दें / सहयोग करें

मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले का वाहन दुर्घटनाग्रस्त: बाइक सवार को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो पलटी, ASI समेत 3 घायल – Korba News

कोरबा में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का काफिला नेशनल हाईवे 130 पर घुईचुवा के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में काफिले में आगे चल रही स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक एएसआई, एक प्रधान आरक्षक और ड्राइवर घायल हो गए।

.

यह घटना तब हुई जब मंत्री का काफिला कोरबा से रायपुर जा रहा था। घुईचुवा गांव के पास नेशनल हाईवे पर अचानक बाइक सवार तीन युवक काफिले के सामने आ गए। सामने चल रही स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने उन्हें बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।

मंत्री लखनलाल देवांगन जिस वाहन में सवार थे, उसके ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी को नियंत्रित कर लिया। इस कारण मंत्री और उनके वाहन में सवार अन्य लोग सुरक्षित रहे। काफिले के अन्य वाहन भी समय पर रुक गए और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।

मामूली चोटें आईं

घटना की सूचना तत्काल पाली थाना पुलिस को दी गई। पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

हादसे में घायल हुए लोगों में एएसआई आर विनीत तिर्की, प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार शुक्ला और स्कॉर्पियो का ड्राइवर शामिल हैं। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। इस बीच बाइक पर सवार तीनों युवक घटना स्थल से फरार हो गए।

एसपी ने घटना की पुष्टि

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में काफिले का सामने वाला वाहन पलट गया। उन्होंने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आई हैं और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button