विज्ञापन दें / सहयोग करें

महाराष्ट्र पुलिस के दो जवान छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार; बाघ की खाल की तस्करी करते धराए, पैंगोलिन के शल्क भी बरामद

आरोपियों की गिरफ्तारी खुफिया सूचना के आधार पर ‘ऑपरेशन सेफ पैसेज’ के तहत अभियान चलाकर की गई। जब वे बाइक पर सवार होकर दो बाघों की खाल की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां महाराष्ट्र पुलिस के दो जवानों को बाघ की खाल के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसके जब उन पुलिसकर्मियों में से एक के घर की तलाशी ली गई तो बड़ी मात्रा में पैंगोलिन की शल्क (बाहरी त्वचा) बरामद हुई। आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान बाबूराव मडावी और बिजेश्वर गेडम के रूप में हुई है, जो कि अंतरराज्यीय अवैध शिकार नेटवर्क का हिस्सा हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ वाइल्डलाइफ (प्रोटेक्शन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों की गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन सेफ पैसेज’ के तहत की गई।

इस बारे में जानकारी देते हुए डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर एस.नवीनकुमार ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक गुप्त सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर पश्चिमी भानुप्रतापपुर फॉरेस्ट डिविजन के बांडे इलाके से उस वक्त पकड़ा गया, जब वे बाइक पर सवार होकर बाघ की दो खालों को ले जा रहे थे।

इतनी टीमों संयुक्त अभियान चलाकर दबोचा

अधिकारी ने बताया कि यह ऑपरेशन संयुक्त रूप से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी-पोचिंग यूनिट, वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की सेंट्रल और वेस्टर्न रीजनल यूनिट, स्टेट लेवल फ्लाइंग स्क्वाड और पश्चिमी भानुप्रतापपुर फॉरेस्ट डिविजन ने चलाया था।

आरोपी के गढ़चिरौली स्थित घर से पैंगोलिन के शल्क बरामद

गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ के दौरान गेडम से मिली जानकारी के आधार पर वन अधिकारी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के अहेरी में स्थित उसके घर पहुंचे, और वहां ली गई तलाशी के दौरान उन्होंने उस घर से बड़ी मात्रा में पैंगोलिन के शल्क बरामद किए। वन अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस में तैनात दोनों आरोपी अंतरराज्यीय अवैध शिकार नेटवर्क का हिस्सा थे और बिचौलिये के रूप में काम करते थे। इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।

महाराष्ट्र पुलिस के 2 जवान छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार,बाघ की खाल की तस्करी करते धराए

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में किया गया बाघों का शिकार

उधर मामले की जानकारी देते हुए उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि बाघों का शिकार बस्तर में इंद्रावती टाइगर रिजर्व-अबूझमाड़ इलाके में किया गया था, जो मध्य भारत में बाघों के सबसे महत्वपूर्ण आवासों में से एक है।

ऑपरेशन सेफ पैसेज चलाकर की गई गिरफ्तारी

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन सेफ पैसेज’ के तहत अभियान चलाकर की गई। इस पहल का मकसद लगभग 400 किलोमीटर लंबे उस वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की सुरक्षा करना है जो महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के जंगलों को इंद्रावती टाइगर रिजर्व, अबूझमाड़, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओडिशा के सुनाबेड़ा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी से जोड़ता है। यह कॉरिडोर बाघों की आवाजाही और हाथियों, गौर, जंगली भैंसों और अन्य वन्यजीव प्रजातियों के बीच जेनेटिक कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है।

पहले भी चलाए जा चुके ऐसे अभियान

जैन ने बताया कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी-पोचिंग यूनिट ने 2023 में भी इसी तरह के अंतर-राज्यीय ऑपरेशन चलाए थे, जिनमें कई शिकारियों को गिरफ्तार किया गया था और बाघ की दो खालें जब्त की गई थीं। इस साल अप्रैल में इस यूनिट ने अबूझमाड़ में नौ भारतीय विशाल गिलहरियों के शिकार के आरोपी एक शिकारी को भी गिरफ्तार किया था।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button