दुर्ग में 24 घंटे में दो हादसों में तीन मौतें: पेंड्रावन में दीवार ढही, 2 मजदूर दबे; पुलगांव रोड पर कार ने युवक को रौंदा – durg-bhilai News
सड़क हादसे में देवेश अग्रवाल की मौत हो चुकी है।
दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत हुई है। पहला हादसा धमधा से 12 किलोमीटर दूर पेंड्रावन गांव में हुआ। जहां दीवार ढहने से 2 मजदूरों की दबने से जान चली गई। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।
.
वहीं, दूसरा हादसा शहर के पुलगांव रोड पर हुआ जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक ने दम तोड़ दिया। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। मृतक युवक की शादी को 2 साल ही हुए थे। उसकी एक बेटी भी है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
दुर्ग में दीवार ढहने से गई 2 की जान।
पहला मामला, दीवार ढहने से दबे 2 लोग
पेंड्रावन गांव में गुरुदेव नामक डॉक्टर के मकान में नींव का काम चल रहा था। तभी 14 नवंबर को मिट्टी की खुदाई के दौरान साइड की कमजोर दीवार अचानक ढह गई, जिससे मलबे के नीचे दबकर कमल नारायण ठाकुर और ईश्वरी गायकवाड़ (41 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों पेंड्रावन के रहने वाले थे।
परिजनों का आरोप- मौके पर कोई नहीं आया
ईश्वरी गायकवाड़ के परिवार में उनकी मां, पत्नी और तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिस डॉक्टर के यहां वे काम कर रहे थे, वह मौके पर नहीं पहुंचा और न ही उसने परिवार से संपर्क किया। परिजनों ने मामले की गहन जांच की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने दुर्ग जिला अस्पताल में दम तोड़ा। धमधा थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में युवक की मौत।
दूसरा मामला, सड़क हादसे में युवक की मौत
दूसरी घटना दुर्ग शहर में 13 नवंबर की रात करीब 8 बजे के बाद हुई। पोटिया चौक-पुलगांव रोड के बीच देवेश अग्रवाल (30) नामक युवक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी जान चली गई।
देवेश अग्रवाल की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी 11 महीने की एक बेटी है। वह घर से घूमने की बात कहकर स्कूटी से निकला था। रात 9 बजे तक उसकी परिवार से बात हुई, लेकिन 10 बजे के बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।
परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। घटनास्थल पर स्कूटी करीब 300 मीटर दूर मिली और चाबी सड़क पर पड़ी थी। रात 12 बजे दुर्ग जिला अस्पताल से पुलगांव थाना पुलिस का फोन आया कि देवेश दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में लाया गया है।
अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। सिर बुरी तरह कुचल चुका था, जिससे चेहरे से पहचान नहीं हो सकी। हाथ पर लिखे नाम से देवेश की पहचान हुई।
दीवार ढहने से दबा मजदूर, अस्पताल में तोड़ा दम।
तेज रफ्तार कार ने बुरी तरह कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसा शुभम मार्ट और निरंकारी फर्नीचर के बीच हुआ। देवेश की स्कूटी शुभम मार्ट के पास खड़ी मिली। जबकि चाबी थोड़ी दूरी पर पड़ी थी।
स्कूटी से करीब 300 मीटर आगे देवेश का शव मिला, जिसे किसी लाल रंग की तेज रफ्तार कार ने बुरी तरह कुचल दिया था। कार चालक नशे में था और कई वाहनों से टकराते हुए तेजी से भाग रहा था।
पुलिस जांच तेज
पुलगांव पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज में लाल कार और चालक की पहचान साफ हो जाएगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
<












