बालोद जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी: कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया, बम स्क्वायड की टीम कर रही जांच – Chhattisgarh News
छत्तीसगढ़ के बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अज्ञात व्यक्ति ने कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर मेल भेजकर धमकी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और जांच शुरू कर दी गई है।
.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया। इसके साथ ही कोर्ट के आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
इससे पहले 24 फरवरी को बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था। सुबह इस मैसेज में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।
देखिए पहले ये तस्वीरें-
बालोद जिला-सत्र न्यायालय के मेल पर धमकी भरा मैसेज
दरअसल, सोमवार सुबह 11 बजे जिला-सत्र न्यायालय के मेल पर धमकी भरा मैसेज आया। इसके बाद फौरन मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों की दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बस और अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। साथ ही कोर्ट के आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। करीब 12 बजे बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई।
एहतियात के तौर पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर तैनात कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मेल सौरभ विश्वास की ईमेल आईडी से भेजा गया है। ऐसे में पुलिस सौरभ विश्वास के नाम से एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में है।
कोर्ट परिसर के आसपास तहसील कार्यालय, कचहरी सहित कई शासकीय कार्यालय और बड़ी संख्या में दुकानें मौजूद हैं, जिसके कारण यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस की स्पेशल टीम इस मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भेजी गई धमकी में कितनी सच्चाई है और वास्तव में परिसर में कोई विस्फोटक सामग्री रखी गई है या नहीं।
………………………..
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ई-मेल में कैंपस को निशाना बनाने का जिक्र; बलौदाबाजार जिला कोर्ट को मिला ईमेल फर्जी निकला
छत्तीसगढ़ में बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। सुबह इस मैसेज में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। जिसके बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। पढ़ें पूरी खबर…
Source link










