तुमलापाड़ में नहीं है एक भी स्कूल, 20 बच्चे पढ़ाई से दूर
दंतेवाड़ा। स्कूल न होने की समस्या बयां करते ग्रामीण। दंतेवाड़ा | नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, पुल और अन्य निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा अब भी सबसे पीछे दिखाई दे रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सुकमा जिले का तुमलापाड़ गांव है। करीब 50 घरों की आबादी वाले इस गांव में आज तक न प्राथमिक स्कूल खुल पाया है, न ही आंगनबाड़ी केंद्र। गांव के 20 से अधिक बच्चे नियमित शिक्षा से वंचित हैं। दूसरी ओर प्रशासन जिले में 22 नए स्कूल खोलने का प्रस्ताव तैयार कर चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिन गांवों में बच्चे वर्षों से स्कूल का इंतजार कर रहे हैं, क्या उन्हें इस प्रस्ताव में जगह मिलेगी। तुमलापाड़ के ग्रामीण बताते हैं कि पहले नक्सल प्रभाव के कारण गांव तक पहुंचना मुश्किल था। अब पहाड़ काटकर सड़क बना दी गई है। आवागमन आसान हो गया है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से गांव में स्कूल शुरू करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। बच्चों को पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इसलिए अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। गांव में छह से बारह वर्ष तक के 20 से अधिक बच्चे हैं। कई बच्चों का नामांकन नहीं हो पाया। कुछ बच्चों ने दूरी और संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई छोड़ दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में प्राथमिक स्कूल खुल जाए तो सभी बच्चे नियमित रूप से शिक्षा से जुड़ सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान अधिकारी और ठेकेदार कई बार गांव पहुंचे, लेकिन शिक्षा और आंगनबाड़ी की जरूरत पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।












