#jashpur “हाथों में सड़क लेकर ग्रामीण बोले – चलने वाली सड़क चाहिए, इसे तो घर ले जा सकते हैं!”
जशपुर : लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाए गए डामरीकृत सड़क की परतों को हाथ से उखाड़ कर ग्रामीणों ने कहा इसे हम घर लेकर जा सकते हैं। लेकिन हमें ऐसी सड़क चाहिए जिस पर हम चल सकें।
(देखिये पूरा वीडियो 👇)
घटिया निर्माण से भड़के ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरूद्व कार्रवाई ना होने पर जशपुर से रायपुर तक पैदल मार्च करने की चेतावनी दी है। मामला जिले के कुनकुरी ब्लाक के भेलवांटोली की है। ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पूर्व ही लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से भेलवांटोली के अटल चौक से अंबाडीपा तक लगभग 2.74 किलोमीटर लंबी सड़क का डामरीकरण का काम पूरा किया था।
स्थानीय रहवासी बसंत राम,दामोदर,गौतम ने बताया कि कुनकुरी के विधायक विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उनके गांव को पक्की सड़क की सौगात मिली थी। पक्की सड़क निर्माण की घोषणा होने पर ग्रामीणों को कीचड़ और धूल से मुक्ति की आशा जागी थी। लेकिन,लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही ने उनके आशा पर पानी फेर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ढाई किलोमीटर लंबी डामरीकरण के दौरान मौके पर लोक निर्माण विभाग का एक भी जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसलिए ठेकेदार ने जमकर मनमानी की और विभाग के तमाम मापदंड का दरकिनार करते हुए रातों रात डामरीकरण कर दिया। डामरीकरण की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों ने अधिकारियों के आने तक काम रोकने का अनुरोध को ठुकरा दिया। घटिया सड़क निर्माण से भड़के ग्रामीणों ने ठेकेदार के कर्मचारियों पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए नारायणपुर थाना में शिकायत की है।
आरोप है कि उन्होनें जब गुणवत्ताविहिन निर्माण कार्य पर आपत्ति की तो मौके पर मौजूद ठेकेदार के कर्मचारियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों की सहमति से डामरीकरण का काम करने का दावा किया। शिकायत में ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होनें पीडब्लूडी के अधिकारियों को मौके पर आने के लिए काल किया,लेकिन किसी अधिकारी ने काल रिसीव नही किया। अधिकारियों की इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मामले की जांच व कार्रवाई ना होने पर जशपुर से रायपुर तक पैदल मार्च करने की चेतावनी भी दी है।
‘मामले की जानकारी मिली है। जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।’
टीएन सिंह, ईई, पीडब्लूडी,जशपुर।













