कोंडागांव में तीन दिवसीय कबीर पंथीय संत-समागम: ‘साहेब बंदगी’ की गूंज के साथ हुआ समापन, श्रद्धालुओं ने कबीर के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प – Kondagaon News
कोंडागांव में आयोजित तीन दिवसीय कबीर पंथीय संत समागम का सोमवार, 30 मार्च को समापन हो गया। इस धार्मिक आयोजन में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने संतों के प्रवचनों का लाभ उठाया। समागम में सतगुरु कबीर धनी धर्मदास साहेब पंथ के श्री उदितमुनि नाम साहेब ने तीन दिनों तक सत्संग और कथा का आयोजन किया। उनके प्रवचनों में कबीर साहेब के दोहों और विचारों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया। इससे श्रोताओं को जीवन के सत्य, मानवता और भक्ति के मार्ग की समझ मिली। उन्होंने कबीर साहेब के संदेश की प्रासंगिकता पर जोर दिया। कबीर के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प कार्यक्रम के दौरान शहर में जगह-जगह लगाए गए स्पीकरों के माध्यम से सुबह और शाम कबीर के दोहे और भजन प्रसारित किए गए। इससे आमजन भी आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ सके। श्रद्धालुओं ने इन दोहों को सुना और कबीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समागम में शामिल संतों और वक्ताओं ने समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास को दूर करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि कबीर पंथ सादगी, समानता और सच्चाई का मार्ग दिखाता है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। अंतिम दिन भंडारे का हुआ आयोजन आयोजन के अंतिम दिन भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने समागम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस तीन दिवसीय संत समागम ने कोंडागांव में आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा दिया।
<

&w=390&resize=390,220&ssl=1)









