पेंड्रा-गौरेला में महावीर जयंती मनाई गई: शोभायात्रा, झांकी और मैराथन से गूंजा अहिंसा का संदेश, महावीर के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प – Gaurela News
पेंड्रा और गौरेला के जुड़वा शहरों में भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर के जन्मोत्सव पर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। आयोजन की शुरुआत सुबह गौरेला स्थित दिगंबर जैन मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर का भव्य मस्तकाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पेंड्रा में इस अवसर पर श्री आदिश्वर पाठशाला द्वारा ‘वीर मैराथन’ का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य भगवान महावीर के अहिंसा और शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। जैन समाज ने विशाल शोभायात्रा निकाली मैराथन के बाद सकल जैन समाज द्वारा नगर में एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें श्वेत वस्त्रों में सजे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण श्री आदिश्वर पाठशाला द्वारा प्रस्तुत की गई एक प्रेरणादायक झांकी रही। इस झांकी में वर्तमान वैश्विक युद्धों और हिंसा की परिस्थितियों के बीच महावीर स्वामी के सिद्धांतों की प्रासंगिकता को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। शिक्षकों ने इस प्रस्तुति के माध्यम से अहिंसा को विश्व शांति का एकमात्र मार्ग बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘अहिंसा परमो धर्म’ और ‘जियो और जीने दो’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। महावीर के संदेश पर चलने का संकल्प आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों और श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, करुणा और सद्भाव का प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लिया। पेंड्रा और गौरेला में संपन्न हुआ यह उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज को मानवता और शांति का एक सशक्त संदेश देने में भी सफल रहा।
<












