सरस्वती शिशु मंदिर में दीप वितरण कार्यक्रम सम्पन्न, कुम्हारों का सम्मान कर बढ़ाया आत्मनिर्भरता का संदेश।
घरघोड़ा। (गौरी शंकर गुप्ता) सरस्वती शिशु मंदिर घरघोड़ा में दीपोत्सव के अवसर पर आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत दीप वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष एवं विद्यालय समिति के वरिष्ठ सदस्य अरुणधर दीवान उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के अध्यक्ष जैनेश्वर मिश्रा, व्यवस्थापक सुनील सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष संजय सिन्हा, प्राचार्य देवनारायण पटेल, तथा सभी आचार्यगण और दीदियाँ भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, ॐ और भारत माता की पूजा-अर्चना से हुई। तत्पश्चात अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्थानीय कुम्हारों का तिलक व मिष्ठान देकर सम्मान किया गया, जिन्होंने दीप निर्माण कर परंपरा और आत्मनिर्भरता को जीवित रखा है।
इसके बाद विद्यालय के सभी भैया-बहनों और अभिभावकों को दीप वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कुम्हारों के उत्थान, सम्मान और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना था।
👉 कार्यक्रम ने आत्मनिर्भर भारत और परंपरागत कला के संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।










