प्रशासन ने शासकीय भूमि से मंदिर हटाया, मूर्तियां स्थानांतरित: एसडीएम की मौजूदगी में विधिवत पूजा कर मूर्तियां दूसरे मंदिर में स्थापित कीं – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News
जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के ग्राम पंचायत चैनपुर क्षेत्र में शासकीय भूमि पर बने एक मंदिर को प्रशासन ने शुक्रवार को हटा दिया। प्रशासन ने इस संवेदनशील कार्रवाई को धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए पूरी सावधानी से संपन्न कराया। जानकारी के अनुसार, यह मंदिर शासन द्वारा ‘बैलगाड़ी परियोजना’ के लिए आरक्षित शासकीय जमीन पर बनाया गया था। राजस्व रिकॉर्ड में इसे अतिक्रमण की श्रेणी में पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मंदिर हटाने का निर्णय लिया। कार्रवाई से पहले प्रशासन ने पूजा-अर्चना कराई कार्रवाई से पहले, प्रशासन ने धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखते हुए विधिवत पूजा-अर्चना कराई। मौके पर पुजारी को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में शिवलिंग और नंदी बाबा की मूर्तियों का पूरे विधि-विधान के साथ सम्मानपूर्वक स्थानांतरण किया गया। इन मूर्तियों को अहमद कॉलोनी स्थित भगवान भोलेनाथ के दूसरे मंदिर में स्थापित किया गया है। इस दौरान मनेन्द्रगढ़ के एसडीएम लिंगराज सिदार स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने पूजा-अर्चना में भाग लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी धार्मिक स्थल से जुड़ी कार्रवाई पूरी संवेदनशीलता और परंपराओं के अनुरूप ही की जाती है। कार्रवाई के दौरान मनेन्द्रगढ़ तहसीलदार श्रुति ध्रुवे, नायब तहसीलदार विनीत शर्मा, आरआई, पटवारी सहित राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी घटना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, साथ ही धार्मिक आस्थाओं का सम्मान भी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा।
<










