बालोद की घटना:विशेष कागज को अमेरिकी केमिकल से 45 करोड़ बनाने का झांसा, कारोबारी से 1.13 करोड़ रु. ठगे
बालोद के एक युवा कारोबारी से रायपुर में 1.13 करोड़ रुपए की ठगी हो गई। कारोबारी को अमेरिकी केमिकल के जरिए विशेष कागज को 45 करोड़ रुपए के असली नोट में बदलने का झांसा दिया गया। इसके अलावा आरोपियों ने कारोबारी को 45 करोड़ रुपए का फंड स्वीकृत कराने का भरोसा भी दिलाया। इसके नाम पर उसे चेन्नई, मुंबई और नागपुर बुलाकर अलग-अलग किश्तों में पैसे लिए गए। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। करीब 6 माह तक अलग-अलग बहाने बनाकर कारोबारी को गुमराह करते रहे। पुलिस ने नागपुर और मुंबई में छापा मारकर 3 ठगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बालोद के बोरिदकला निवासी उमेश गुप्ता (24) की नवा रायपुर में सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्रा.लि. कंपनी है। उमेश को अपनी कंपनी के विस्तार के लिए 45 करोड़ रुपए की जरूरत थी। पिछले साल उनकी मुलाकात राकेश कौशिक से हुई। उमेश ने राकेश को बताया कि उसे कारोबार के विस्तार के लिए पैसों की जरूरत है। राकेश कौशिक ने फरवरी में उमेश की मुलाकात दीपक सिंह, अभिषेक सिंह और योगी से कराई। तेलीबांधा के एक होटल में दो दिनों तक मीटिंग हुई। इसके बाद उमेश उनके झांसे में आ गया और अलग-अलग किश्तों में पैसे देने लगा। चेन्नई-नागपुर में दिखाया केमिकल का जादू
ठगों ने उमेश को अपने जाल में फंसाए रखने के लिए पहले चेन्नई बुलाया। वहां दो दिनों तक होटल में मीटिंग की। इसके बाद मुंबई और नागपुर भी बुलाया। वहां आरोपियों ने हाई पावर केमिकल के जरिए काले नोट (कागज) को असली नोट में बदलने का जादू दिखाया। उमेश से 10 हजार रुपए लिए गए। उसे केमिकल में डुबोकर 20 हजार रुपए कर दिए गए। वे असली नोट थे। इसके बाद आरोपियों ने विदेशी तकनीक का झांसा देकर उलझाए रखा। फाइल प्रोसेस और विदेशी टेस्टिंग के नाम पर वसूली
सभी आरोपियों ने मिलकर उमेश को 45 करोड़ रुपए का फंड स्वीकृत कराने का पूरा भरोसा दिलाया। इसके बाद बड़े अधिकारियों से मीटिंग कराने, फाइल प्रोसेस करने, सुरक्षा मंजूरी और विदेशी टेस्टिंग जैसी औपचारिकताओं के नाम पर उमेश को झांसे में लिया। उमेश जब ठगों के झांसे में आ गया तो किश्तों में पैसों की मांग शुरू कर दी गई। उमेश ने पहले 5 लाख, फिर 8 लाख और उसके बाद अलग-अलग लोगों से उधारी लेकर कुल 1.13 करोड़ रुपए आरोपियों को दे दिए। वाट्सएप और आईएमओ एप से करते थे बात
आरोपी लगातार वाट्सएप कॉल और आईएमओ एप के माध्यम से उमेश से बातचीत करते थे। आरोपियों ने चेन्नई के कैप्टन सेट्टी के जरिए भी उमेश से बात कराई। कुछ समय बाद जब उमेश को स्पष्ट हो गया कि उसके साथ पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी की गई है, तब उसने पुलिस से संपर्क किया। केमिकल में डालने से नोट दोगुना होने का झांसा:
आरोपी केमिकल में डालने से नोट दोगुना होने का झांसा देते थे। इसके लिए वे असली नोट पर काला रंग लगा देते थे और उसे काला नोट बताकर दिखाते थे। लोगों का भरोसा जीतने के लिए उनसे 10 हजार रुपए मांगे जाते थे। पहले से 10-20 हजार रुपए के नोटों को काला करके रखा जाता था। इसके बाद ठगी के शिकार व्यक्ति के सामने असली और काले नोट को केमिकल में डुबोया जाता था। इससे नोट पर लगा काला रंग हट जाता था। फिर लोगों को बताया जाता था कि केमिकल में डालने से काला नोट असली नोट में बदल जाता है और रकम दोगुनी हो जाती है। फैशन डिजाइनर और ब्यूटीशियन बातों में फंसाती थीं पुलिस ने नागपुर में छापा मारकर कोलकाता की कनिज फातिमा उर्फ भावना पांडेय (25) और दीपिका पावीवाल (24) को गिरफ्तार किया है। दोनों ठगों के लिए वेतन पर काम करती हैं। इसके अलावा उन्हें कमीशन भी मिलता था। एक युवती फैशन डिजाइनर है और दूसरी ब्यूटिशियन। दोनों बातों में माहिर हैं। जिन लोगों से ठगी करनी होती थी, उन्हें पहले दोनों के पास भेजा जाता था। दोनों अपनी बातों में फंसाकर उनका भरोसा जीत लेती थीं। दोनों ने पुलिस को बताया कि वे कई सालों से इस तरह की ठगी कर रही हैं। उमेश से पहले लखनऊ के एक कारोबारी से भी ठगी कर चुकी हैं। अब तक 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी कर चुके गिरोह से उनके जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। भास्कर एक्सपर्ट – अन्वेष मंगलम, रिटायर्ड स्पेशल डीजी जाली नोट खरीदना, बेचना या चलाने पर उम्रकैद तक की सजा जाली या असली नोटों का लेन-देन एक गंभीर गैर-जमानती अपराध है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 179 के तहत जाली नोट खरीदना, बेचना या चलाने पर 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा है। इसे पास रखने पर 7 साल की जेल का प्रावधान है। आरबीआई के नियमों के तहत सिर्फ अधिकृत बैंक ही नोटों का एक्सचेंज कर सकते हैं। असली नोटों का अवैध व्यापार मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में आता है। केवल पुराने दुर्लभ ऐतिहासिक नोटों का संग्रह ही मान्य है। लेकिन इस मामले में कारोबारी एक पीड़ित है। उसकी एफआईआर के अनुसार एक बड़े गिरोह के लोग इसमें शामिल हैं। यह गिरोह देश में कई लोगों को अपना शिकार बना सकता है। इसलिए इसमें कारोबारी को पीड़ित बनाया गया है, वह सही है। गिरोह तक पहुंचने के लिए कारोबारी की शिकायत को आधार बनाया गया। जब गिरोह के पूरे सदस्य पकड़े जाएंगे, तब सच्चाई सामने आएगी। इसलिए पहली नजर में कारोबारी को आरोपी नहीं बनाया जा सकता। प्रारंभिक जांच में नकली नोटों की खरीद-बिक्री की बात सामने नहीं आई है। केमिकल से नोट बनाने की बात सामने आई है। गिरोह के पकड़े जाने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी राय लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी। -तारकेश्वर पटेल, डीसीपी सेंट्रल जोन












