विज्ञापन दें / सहयोग करें

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रतिमा प्रवेश उत्सव : धार्मिक उल्लास में शामिल हुईं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, भव्य कलश यात्रा और हरि कीर्तन का आयोजन

जशपुर (दोकड़ा)। कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा में रविवार को एक भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन सम्पन्न हुआ। यहां नवनिर्मित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु, माता सुभद्रा और श्री बलभद्र जी की प्रतिमाओं का प्रतिमा प्रवेश उत्सव पारंपरिक वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।

पूरे आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जो स्थानीय शिव मंदिर से प्रारंभ होकर श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर तक पहुंची। मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं और ग्रामीणजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस मंदिर की धार्मिक परंपरा वर्ष 1942 से चली आ रही है, जब पंडित स्व. सुदर्शन सतपथी और उनकी धर्मपत्नी स्व. सुशीला सतपथी ने यहां रथ यात्रा की परंपरा प्रारंभ की थी। मंदिर का मूल निर्माण वर्ष 1968 में हुआ था, लेकिन भवन के जर्जर हो जाने के कारण मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने मंदिर के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया था। इस संकल्प के अनुरूप वर्ष 2019 में भूमिपूजन के साथ मंदिर के नव निर्माण की प्रक्रिया आरंभ हुई थी, जो अब पूर्ण होकर क्षेत्रवासियों के लिए श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बन गया है।

प्रतिमा स्थापना के इस महोत्सव को विधिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए ओडिशा के श्रीजगन्नाथ पुरी से विशेष आचार्य मंडली आमंत्रित की गई, जिनमें पं. पद्मनाभो महापात्र, पं. वासुदेव महापात्र, पं. प्रशांत कुमार दास, पं. जगन्नाथ मिश्र, शोभनाथ मिश्र और पं. बादल कुमार मिश्र शामिल हैं।

अन्य प्रमुख आयोजन:

  • 24 मई: यज्ञ-हवन
  • 25 मई: मंदिर में प्रतिमा प्रवेश व संध्या कालीन कलश यात्रा
  • 26 मई: 24 घंटे का अष्टप्रहरी हरि कीर्तन एवं नाम यज्ञ का शुभारंभ
  • 27 मई: पूर्णाहुति, दधीभंजन, नगर भ्रमण, ओडिया भजन प्रस्तुति और महाप्रसाद वितरण

इस शुभ आयोजन ने दोकड़ा गांव में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा दी है। आयोजन समिति के स्वयंसेवक प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि छत्तीसगढ़ की जीवंत आस्था और समृद्ध परंपरा का प्रतीक भी बन गया है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button