सालिक साय बोले—जशपुर को मिली सौगातों की झड़ी, बजट से बदलेगी जिले की तस्वीर
छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित बजट को जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने जशपुर सहित वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह बजट जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
बजट में जशपुर के सरकारी कॉलेज में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना का प्रावधान किया गया है। साथ ही जिले में सीजीआईटी संस्थान खोलने तथा बागबहार में नए कॉलेज भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना लागू की जाएगी और ईब नदी तट स्थित कोतेबिरा शिवधाम को विकसित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के तहत कुनकुरी सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जशपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे।
आधारभूत संरचना के क्षेत्र में आगडीह से नीमगांव तक सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है, जिससे कई गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। किसानों के लिए पंमशाला एनीकट में लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू की जाएगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि की संभावना है।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पत्थलगांव के बनगांव बी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जबकि कुनकुरी के ग्राम गोरिया में ग्लेजिंग यूनिट स्थापित होगी। साथ ही जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए जशपुर में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी खोलने की घोषणा की गई है।











