रायगढ़: रिश्वत के गंभीर आरोपों में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन अटैच, रिश्वतखोरी का खुला खेल उजागर
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना से एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली जैसे संगीन आरोप साबित होने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देश पर की गई है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम घरघोड़ी निवासी भूपदेव सिंह राठिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि घरघोड़ा थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस, आरक्षक दिलीप साहू (आर. 378) और आरक्षक प्रेम राठिया (आर. 13) ने उस पर झूठा केस दर्ज करने की धमकी देकर रिश्वत मांगी।
शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उस पर महुआ शराब बनाने का फर्जी आरोप मढ़ा और बाद में मामला कमजोर करने के नाम पर डरा-धमकाकर पैसे की मांग की। भूपदेव की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच उप पुलिस अधीक्षक (सायबर) से कराई। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि हो गई और पुलिसकर्मियों का भ्रष्ट आचरण उजागर हुआ।
तीनों पुलिसकर्मी लाइन अटैच, जांच के निर्देश
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी दिव्यांग पटेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए:
- निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस (थाना प्रभारी, घरघोड़ा)
- आरक्षक दिलीप साहू
- आरक्षक प्रेम राठिया
को रक्षित केंद्र रायगढ़ में अटैच कर दिया है। साथ ही तीन दिवस के भीतर विभागीय जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासनिक गलियारों में हलचल, जनता में उम्मीद
इस कार्रवाई ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है। वहीं ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय के बीच यह संदेश गया है कि अब भ्रष्टाचार और पुलिसिया दमन के खिलाफ आवाज उठाना व्यर्थ नहीं है। लोगों में यह विश्वास जगा है कि शिकायतों को अब गंभीरता से सुना जा रहा है।
बड़ा सवाल – क्या उजागर होगा पुलिस-शराब माफिया गठजोड़?
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस और शराब माफियाओं के बीच कथित गठजोड़ की ओर इशारा किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है — लंबे समय से स्थानीय प्रभावशाली तत्वों की मिलीभगत से गरीबों और आदिवासियों को झूठे केस में फंसाकर अवैध वसूली की जाती रही है।
नज़र अब जांच रिपोर्ट पर टिकी
फिलहाल, पूरा ज़िला और प्रशासन इस प्राथमिक जांच रिपोर्ट पर निगाहें टिकाए हुए है, जो आने वाले दिनों में इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।











