नाबालिग से दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार: राजनांदगांव में आरोपी पर दुष्कर्म, बंधक बनाने और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई – Rajnandgaon News
राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, मारपीट और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। मामला एक नाबालिग युवती की आत्महत्या से जुड़ा है, जिसकी जांच के दौरान गंभीर तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी करीब दो-तीन महीने पहले कॉल सेंटर में काम करने के लिए टेडेसरा आई थी। शुरुआत में वह टेडेसरा स्थित रंजीत सिंह के ढाबे में रहती थी। बाद में वह पिछले 15 दिनों से किराए के मकान में रहने लगी थी। घर जाने की बात पर करता था मारपीट शिकायत में बताया गया है कि पीड़िता ने अपनी मां को बताया था कि ढाबा संचालक रंजीत सिंह उसके साथ लगातार मारपीट करता था और जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। जब भी वह घर लौटने की बात करती थी, आरोपी उसे कमरे में बंद कर देता था और प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार, लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। विशेष टीम बनाकर आरोपी को पकड़ा राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रंजीत सिंह (22) को हिरासत में लिया। आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम सौन्दर का निवासी है और टेडेसरा स्थित पीएनआर ढाबा संचालित करता था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म), 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी सोमनी पुलिस ने क्षेत्र में शांति भंग करने और विवाद उत्पन्न करने वाले एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
<













