विज्ञापन दें / सहयोग करें

रायपुर के रितेश पाल बने इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5 के विजेता, 2022 में हुए थे रिजेक्ट

रायपुर के त्रिमूर्ति नगर में रहने वाले 19 वर्षीय रितेश पाल टीवी रियलिटी शो इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5 के विजेता बने हैं। रितेश वर्ष 2022 में इसी शो में रिजेक्ट भी हो गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। उनके डांस गुरु मनीष चंदानी ने उन्हें हर दिन 12 घंटे प्रैक्टिस कराई। सेमीफाइनल में रितेश का हाथ फ्रैक्चर हो गया, इसके बाद भी उनकी लगन और डांस गुरु मनीष की मेहनत रंग लाई और वे शो के विजेता बने। इस शो के विजेता बनने पर उन्हें 15 लाख रुपये की धनराशि और एक कार मिली है।

रितेश का कहना है कि अब वे अपनी मां लक्ष्मी पाल के लिए घर खरीदेंगे और उन्हें बाहर काम करने से मना करेंगे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें इंटरनेशनल लेवल के शोज में जाना है और डांस करना है।

रितेश के डांस गुरु मनीष चंदानी का कहना है कि उनका डांस स्टूडियो देवेंद्र नगर में है। जब रितेश 12 वर्ष का था तब वह डांस स्टूडियो आया था। उस बच्चे में गजब का डांस टैलेंट था। उसके पास फीस के पैसे नहीं थे, इसलिए मैंने संकल्प लिया कि रितेश के टैलेंट को लोगों के सामने लाऊंगा।

मनीष ने बताया कि बार-बार कोशिश के बाद भी जब सफलता नहीं मिली तो रितेश के घरवालों ने कह दिया कि कुछ हो नहीं रहा है, इसको डांस सिखाना बंद कर दो। हालांकि रितेश अभी 12वीं कक्षा का विद्यार्थी है। पांच वर्ष पहले मैंने रितेश के घरवालों के सामने कसम खाई थी कि जब तक रितेश इंडियाज बेस्ट डांसर प्रतियोगिता का विजेता नहीं बन जाता तब तक मैं शादी नहीं करूंगा।

उन्होंने आगे कहा कि हम दोनों 12 घंटे डांस स्टूडियो में प्रैक्टिस करते थे और जहां कमी नजर आती वहां कभी प्यार से कभी डांट से रितेश की डांसिंग गलतियों को सुधारा। शादी न करने वाली कसम से मेरे परिवार वाले मुझसे झगड़े, लेकिन आज इस बात की खुशी है कि मेरा शिष्य जीत गया, उसकी जीत मेरी जीत है।

मनीष का कहना है कि रितेश के पापा चौकीदार हैं और मां दूसरे के घरों में काम करती हैं। वह शुरू से ही अपनी मां को खुश रखना चाहता था और मां के लिए घर खरीदना चाहता था। उसका सपना पूरा हो गया।

मनीष ने बताया कि मैं रितेश को लेकर टीवी के कई रियलिटी शो में ऑडिशन देने जाता था। रितेश के पास तो पैसा नहीं था और कई बार मेरे पास भी पैसा नहीं होता था। हम लोग कम खाकर और रेलवे स्टेशन पर सोकर ऑडिशन के लिए किसी भी शहर में पहुंच जाते थे। जब तक बेहतर डांस नहीं कर लेता था रितेश सोता नहीं था।

जब शो के सेमीफाइनल में वह पहुंचा तो रिहर्सल के दौरान हाथ फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टर ने डांस करने से मना किया, लेकिन वह सेमीफाइनल से पीछे नहीं हटना चाहता था। पेन किलर इंजेक्शन लेकर उसने अभ्यास किया और मंच पर करिश्मा कपूर, गीता कपूर और टेरेन लुईस के सामने प्रस्तुति दी।

शो में रितेश को लेकर एक चैलेंजिंग था। वह कंटेंपररी डांसर है और शो में बॉलीवुड स्टाइल पर डांस करना था, जिसके लिए काफी मेहनत करनी पड़ी।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button