रायपुर रेफर महिला को 6 घंटे तक नहीं मिली एम्बुलेंस: एमसीबी में हॉस्पिटल में मौत,स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जांच का आदेश,दोषियों पर होगी कार्यवाही – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 220 बिस्तरीय जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस सेवा की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर की गई एक महिला मरीज को समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में देर रात तक प्रदर्शन किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जांच के आदेश दिए हैं। हार्ट अटैक के बाद रायपुर किया गया था रेफर जानकारी के अनुसार, 8 जून को हार्ट अटैक से पीड़ित एक महिला को मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे रेफर किए जाने के बाद उन्होंने कई बार 108 एम्बुलेंस की मांग की, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। रात 12 बजे पहुंची एम्बुलेंस, तब तक हो चुकी थी मौत परिजनों के मुताबिक, एम्बुलेंस करीब छह घंटे बाद रात लगभग 12 बजे अस्पताल पहुंची। लेकिन तब तक महिला ने दम तोड़ दिया था। समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शव रखकर अस्पताल परिसर में किया प्रदर्शन घटना से आक्रोशित परिजनों ने महिला के शव को एम्बुलेंस में रखकर अस्पताल परिसर में देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। परिजन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और हालात को नियंत्रित किया गया। आश्वासन के बाद रात ढाई बजे लौटे परिजन प्रशासनिक अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन रात करीब ढाई बजे महिला का शव लेकर अपने घर रवाना हुए। स्वास्थ्य मंत्री बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एम्बुलेंस सेवा में हुई कथित लापरवाही की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा, “दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।” स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल इस घटना के बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन एम्बुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है, जिसके बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। …………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पोस्टमार्ट के लिए ऑटो से लाया बेटे का शव:जीपीएम में हॉस्पिटल ने वापसी के लिए भी नहीं दिया वाहन, बाहर लटका रहा शव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले एक बेबस आदिवासी पिता को अपने 22 वर्षीय जवान बेटे के शव को सम्मानजनक विदाई तो दूर, पोस्टमार्टम के लिए ले जाने तक को सरकारी गाड़ी नसीब नहीं हुई। मजबूरी में पिता ने ऑटो किराए पर लिया और बेटे के शव को ऑटो के पायदान पर लिटाकर अस्पताल और फिर वापस घर तक का सफर तय किया। पढ़ें पूरी खबर…
<












