रायपुर के कारोबारी से 84 लाख की ठगी: शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर कराया निवेश, व्हाट्सएप से किया था संपर्क – Raipur News
रायपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शेयर मार्केट और आईपीओ में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगों ने एक कारोबारी और उसके परिचित निवेशकों से 84 लाख 63 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सेक्टर-1 देवेंद्र नगर निवासी अविनाश लोखंडे शेयर बाजार से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जून 2025 में कुछ लोगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया। पहले दिलाया भरोसा, फिर लगाया चूना पीड़ित के अनुसार शुरुआत में आरोपियों ने अविनाश को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया। कुछ समय तक सामान्य ट्रेडिंग कराकर उन्हें मुनाफा भी दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। बाद में आरोपियों ने प्रीमियम आईपीओ कम कीमत पर उपलब्ध कराने का लालच दिया और अधिक रकम निवेश करने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार अविनाश लोखंडे के अलावा उनके परिचित अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल ने भी निवेश करने की सहमति दी। इसके बाद आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 84.63 लाख रुपए जमा कराए गए। आईपीओ नहीं मिला, बंद हो गए मोबाइल रकम जमा होने के बाद निवेशकों को न तो किसी आईपीओ का आवंटन मिला और न ही पैसा वापस किया गया। जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। जिस ऑनलाइन ट्रेडिंग एप के जरिए निवेश कराया जा रहा था, वह भी अचानक बंद हो गया। इसके बाद पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जांच कर रही है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच में लिया है। साइबर सेल और देवेंद्र नगर थाना की संयुक्त टीम मामलें में जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही शेयर बाजार में निवेश करें।
<












