विज्ञापन दें / सहयोग करें

प्री-डीएलएड परीक्षा आज 3,776 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा – Gariaband News


भास्कर न्यूज | गरियाबंद छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), रायपुर द्वारा आयोजित प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा गुरुवार 4 जून को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। परीक्षा में जिले भर से कुल 3 हजार 776 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लेने की अपील की है, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व केंद्र में पहुंचना होगा, जिससे उनके फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व यानी सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी तथा गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक धारण करने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र में उपस्थित होना होगा। परीक्षा केंद्र में चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी, जबकि किसी भी प्रकार के आभूषण, मोबाइल फोन, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट और टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button