विज्ञापन दें / सहयोग करें

पूर्व विधायक यूडी मिंज पर राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग, भाजपा प्रवक्ता श्रीवास ने लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस के कुनकुरी क्षेत्र के पूर्व विधायक यूडी मिंज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है। श्रीवास ने एक बयान जारी कर कहा कि यूडी मिंज द्वारा सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट न सिर्फ देश के प्रति गद्दारी है, बल्कि इससे सेना के जवानों का मनोबल भी गिराने का प्रयास किया गया है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि पहलगाम में सैलानियों पर हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश आक्रोशित है। ऐसे संवेदनशील समय में यूडी मिंज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से भारत-पाक युद्ध को लेकर देश की हार का जिक्र करते हुए एक कायरतापूर्ण पोस्ट शेयर किया। श्रीवास ने आरोप लगाया कि यह पोस्ट कांग्रेस पार्टी की सोच और मूल चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने याद दिलाया कि यह पहली बार नहीं है; इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपमानित करने का कार्य किया था, जिसे देश आज तक नहीं भूला है।

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ ने अपने वीर सपूत दिनेश मिरानिया को खोया है। इस गमगीन माहौल में, युद्ध के पूर्व परिणाम अपने देश के खिलाफ आंकने वाला केवल एक गद्दार ही हो सकता है। अतः पूर्व विधायक यूडी मिंज के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

आपको बता दें कि यूडी मिंज पिछले दो दिनों से पहलगाम हमले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट साझा कर रहे हैं और विभिन्न प्रकार के सवाल भी उठा रहे हैं। उनके कई पोस्ट में घटनाओं को लेकर संदेह और आलोचना का भाव झलकता रहा, जिससे विवाद की स्थिति और अधिक गहरी हो गई।

 

गौरीशंकर श्रीवास के बयान और ट्वीट के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद, यूडी मिंज ने अपनी सफाई देते हुए फेसबुक पर पोस्ट किया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था, और किसी ने उनके अकाउंट से वह विवादित पोस्ट किया। हालांकि, यह भी गौर करने वाली बात है कि उनका कथित हैकिंग का दावा उस समय सामने आया जब विवाद बढ़ चुका था, जबकि वह पोस्ट एक दिन पुरानी थी। इस वजह से मिंज की सफाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button