विज्ञापन दें / सहयोग करें

स्वास्थ्य मंत्री के भाई को पुलिस ले गई चौकी: एमसीबी में जमीन सीमांकन विवाद में नायब तहसीलदार से बहस, 3 घंटे हिरासत में रहे – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News



छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में जमीन के सीमांकन के दौरान हुए विवाद के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के रिश्तेदार शरद जायसवाल को पुलिस नागपुर चौकी ले गई। नायब तहसीलदार से हुई नोकझोंक के बाद उन्हें करीब तीन घंटे तक चौकी में बैठाया गया। हालांकि, उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। सीमांकन के दौरान हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, नागपुर चौकी क्षेत्र में जमीन का सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान नायब तहसीलदार समीर शर्मा और शरद जायसवाल के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर नायब तहसीलदार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शरद जायसवाल को नागपुर चौकी ले गई। बताया जा रहा है कि शरद जायसवाल, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के रिश्ते में बुआ के बेटे हैं। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। शरद जायसवाल ने लगाए गंभीर आरोप चौकी से रिहा होने के बाद शरद जायसवाल ने नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि सीमांकन के दौरान उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया और बिना किसी ठोस कारण के पुलिस कार्रवाई करते हुए उन्हें चौकी ले जाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। नायब तहसीलदार का पक्ष वहीं, नायब तहसीलदार समीर शर्मा ने बताया कि वे शरद जायसवाल के बुलावे पर नागपुर पहुंचे थे। उनके अनुसार, सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान शरद जायसवाल उग्र हो गए, जिसके चलते पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने कही यह बात नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह ने बताया कि सीमांकन के दौरान हुए विवाद के बाद नायब तहसीलदार की शिकायत पर शरद जायसवाल को चौकी में बैठाया गया था। हालांकि, उनके खिलाफ कोई अपराध दर्ज नहीं किया गया और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। जांच पर टिकी निगाहें घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के बीच मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सीमांकन जैसे सामान्य प्रशासनिक कार्य के दौरान विवाद के इस स्तर तक पहुंचने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब दोनों पक्षों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button