रायगढ़ में एल्डरमैन की जल्द आ सकती है सूची: 9 पदों के लिए 18 नाम भेजे गए, जिलाध्यक्ष बोले-हर वर्ग का ध्यान में रखा गया – Raigarh News
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में एल्डरमैनों की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में एल्डरमैनों की सूची जारी हो चुकी है, जबकि रायगढ़ की सूची का अभी इंतजार है। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में कभी भी नौ एल्डरमैनों के नामों की घोषणा हो सकती है। नगर निगम में दिव्यांग कोटे सहित कुल 9 एल्डरमैन पद हैं। इन पदों के लिए करीब 18 नामों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को भेजा गया है। राजनीतिक गलियारों में संगठन और विभिन्न वर्गों से जुड़े कई नामों की चर्चा जोरों पर है। इन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा सूत्रों के मुताबिक संगठन से ज्ञानेश्वर सिंह गौतम, मनीष गांधी, मनोज शर्मा और शशिकांत शर्मा के नाम चर्चा में हैं। वहीं संघ से संजय जगवानी, दिव्यांग प्रतिनिधित्व के लिए सोनी मुर्रावाला, पत्रकार दिनेश मिश्रा, समाजसेवी बाबूलाल अग्रवाल, पप्पू पांडे, रतिंदर राय और सुनील थवाईत के नाम भी प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम में शामिल पांच वार्डों से भी एक नाम तय किए जाने की संभावना जताई जा रही है। एक दावेदार के नाम पर विरोध एल्डरमैन नियुक्ति से पहले भाजपा के भीतर भी विरोध के स्वर सामने आने लगे हैं। ग्राम गोरखा के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अरूणधर दीवान को आवेदन सौंपकर पप्पू पांडे को एल्डरमैन बनाए जाने का विरोध किया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पप्पू पांडे ने कुछ वर्ष पहले ही भाजपा की सदस्यता ली है। अभी पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि वार्ड स्तर पर उनका कोई मजबूत जनाधार नहीं है। ऐसे में उन्हें एल्डरमैन पद के लिए उपयुक्त नहीं माना जाना चाहिए। ‘आज-कल में जारी हो सकती है सूची’ भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दीवान ने बताया कि नगर निगम में दिव्यांग कोटा सहित कुल 9 एल्डरमैन पद हैं। इसके लिए कई नामों का पैनल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सभी समाज और वर्गों को ध्यान में रखते हुए नामों का चयन किया जा रहा है और सूची आज-कल में कभी भी जारी हो सकती है।
<









