पुलिस ने जालवाही गांव में लगाई चौपाल: SSP ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, बच्चों को बांटी खेल सामग्री, किया उत्साहवर्धन – Rajnandgaon News
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में जन-विश्वास जीतने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में 19 मार्च को थाना सीतागांव के ग्राम जालवाही में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) यशपाल सिंह स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे। एसएसपी यशपाल सिंह ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने गांव की बुनियादी समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों से चर्चा की। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसएसपी ने उन्हें जल्द निराकृत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जनता की सच्ची मददगार के रूप में उनके साथ खड़ी है। पुलिस प्रशासन ने स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों को खेल सामग्री वितरित की गई और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। सुरक्षा के मोर्चे पर बात करते हुए एसएसपी ने ग्रामीणों से माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध सहयोग मांगा। उन्होंने अपील की कि क्षेत्र में सक्रिय माओवादी तत्वों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही, आत्मसमर्पण की नीतियों का प्रचार करें ताकि शांति का वातावरण बना रहे। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देकर क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने का आग्रह किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी सुशील त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह जाड़े सहित जालवाही स्कूल के विज्ञान शिक्षक रामचंद्र वर्मा, पूर्व सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुलिस के इस मानवीय चेहरे और विश्वास बहाली के प्रयासों की सराहना की।
<











