महासमुंद के अमरकोट में धान खरीदी घोटाला: 1.65 करोड़ की हेराफेरी में दो फरार आरोपी गिरफ्तार – Mahasamund News
उपार्जन केंद्र प्रभारी, बारदाना प्रभारी गिरफ्तार किए गए।
महासमुंद पुलिस ने सरायपाली थाना क्षेत्र के अमरकोट धान उपार्जन केंद्र में हुए 1.65 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शासन को 1 करोड़ 65 लाख 80 हजार 908 रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी।
.
पुलिस के अनुसार, यह मामला धान खरीदी वर्ष 2024-25 का है। अमरकोट उपार्जन केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान कुल 14,221 बोरी के मुकाबले 11,416 बोरी धान कम पाया गया। 40 किलो प्रति बोरी के हिसाब से यह कमी 4566.40 क्विंटल धान की थी, जिसकी अनुमानित कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करोड़ों में थी।
केंद्र प्रभारी सहित 2 कर्मचारी दोषी
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के पीड़ित अमृत लाल जगत की शिकायत पर सरायपाली थाने में धोखाधड़ी और गबन की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में उपार्जन केंद्र प्रभारी कार्तिकेश्वर यादव, बारदाना प्रभारी तेजराम पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र पटेल को दोषी पाया गया।
इस मामले में कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र पटेल ने 2 फरवरी 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि, उपार्जन केंद्र प्रभारी कार्तिकेश्वर यादव और बारदाना प्रभारी तेजराम पटेल लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अप्रैल 2026 को दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुंधा निवासी कार्तिकेश्वर यादव (56) और चकरदा निवासी तेजराम पटेल (33) शामिल हैं। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
<










