विज्ञापन दें / सहयोग करें

एक पेड़ एक जिंदगी… विद्यार्थियों ने लगाए 50 पौधे, नियमित देखभाल करने का लिया संकल्प

भास्कर न्यूज | माकड़ी/विश्रामपुरी पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कोंडागांव जिले के विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हरवेल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरवेल में “एक पेड़, एक जिंदगी” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में फलदार, औषधीय और छायादार प्रजातियों के कुल 50 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने केवल पौधारोपण ही नहीं किया। उन्होंने उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्राचार्य शंभूराम सूर्यवंशी ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, संतुलित जलवायु तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करें। इससे वे बड़े होकर पर्यावरण को समृद्ध बना सकेंगे। वरिष्ठ व्याख्याता जयराम मरकाम ने विद्यार्थियों को पौधों की देखरेख के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने उन्हें पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक रामसाय नाग सहित अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य शंभूराम सूर्यवंशी, वरिष्ठ व्याख्याता जयराम मरकाम, रामसाय नाग सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button