जांजगीर-चांपा में शिक्षक-शिक्षिका का आपत्तिजनक वीडियो वायरल: खैरवार पारा स्कूल का मामला, डीईओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया – janjgir champa News
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला खैरवार पारा, बोड़सरा का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में स्कूल में पदस्थ एक टीचर और महिला टीचर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया है। अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षा जगत में इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। ग्रामीणों ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि इसकी जांच कराई जा रही है। डीईओ सिन्हा ने आश्वासन दिया कि यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और संबंधित शिक्षक-शिक्षिका की संलिप्तता की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया। इस घटना ने स्कूलों में अनुशासन और विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दैनिक भास्कर डिजिटल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
<










