राष्ट्रीय सुरक्षा अलर्ट, दुर्ग में सख्ती: नेहरू नगर से कुम्हारी तक चलाया गया वाहन जांच अभियान, 65 लावारिस वाहन हटाए गए; टीमें सक्रिय – durg-bhilai News
राष्ट्रीय सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर दुर्ग यातायात पुलिस ने जिलेभर में लावारिस और संदिग्ध वाहनों के खिलाफ सघन अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई के तहत अब तक 65 लावारिस वाहनों को हटाकर संबंधित थानों को सौंपा गया है। यह अभियान नेहरू नगर से कुम्हारी तक रा
.
इस अभियान में यातायात विभाग के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, रिजर्व पुलिस बल और नगर निगम की टीमें भी सक्रिय रूप से शामिल हैं। ये टीमें SASHAKT ऐप से मिली सूचनाओं और क्षेत्रीय निरीक्षण के आधार पर वाहनों की जांच कर रही हैं। जिन वाहनों से सुरक्षा खतरे की आशंका पाई गई, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया के तहत जब्त किया गया या सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया।
अभियान के सकारात्मक प्रभाव के चलते कई वाहन मालिक स्वयं आगे आए। उन्होंने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर खड़े अपने 50 वाहनों को खुद हटाया। पुलिस ने नागरिकों की इस पहल को सराहनीय बताया और इसे सकारात्मक सहयोग करार दिया।
संदिग्ध वाहनों को क्रेन से हटाया
यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने चिन्हांकित संदिग्ध वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाया। इन सभी वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जा रहा है, ताकि आगे की विस्तृत जांच की जा सके और किसी भी प्रकार के सुरक्षा जोखिम को टाला जा सके।
यह विशेष कार्रवाई, जो नेहरू नगर से कुम्हारी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुरू हुई थी, अब शहर के आंतरिक मार्गों और सार्वजनिक स्थलों तक बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा अलर्ट के दौरान किसी भी संदिग्ध वाहन, बैग या वस्तु को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
इसके अतिरिक्त, रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग को भी तेज कर दिया गया है। पुलिस टीमें लगातार हाईवे और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
छह संयुक्त टीमों का गठन
कार्रवाई को प्रभावी बनाने और पूरे जिले में सतत निगरानी बनाए रखने के लिए छह संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों की जिम्मेदारी क्षेत्रवार तय की गई है ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
ऑटो डीलर और गैराज को नोटिस
सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों को लावारिस स्थिति में खड़ा छोड़ने की समस्या को देखते हुए पुलिस ने 25 ऑटो डीलरों और 26 वाहन मरम्मत गैराजों को नोटिस जारी किए हैं। निर्देश दिया गया है कि वे अपनी दुकानों के बाहर या सार्वजनिक मार्गों पर वाहन खड़े न करें और सुनिश्चित करें कि उनके यहां आने वाले वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क हों।
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से की अपील
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन हमेशा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। किसी भी सार्वजनिक मार्ग या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहन न छोड़ें। यदि किसी भी संदिग्ध वाहन या वस्तु की जानकारी मिले तो तुरंत 112, नजदीकी थाना या यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।
<












