नायब तहसीलदार से मारपीट…बिलासपुर में 600 मामले लंबित: कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की हड़ताल जारी, सीमांकन-प्रमाण पत्र समेत कई काम ठप – Bilaspur (Chhattisgarh) News
सरगुजा में नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में बिलासपुर में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की कलम बंद हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। इस हड़ताल के कारण बिलासपुर में तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार और नायब तहसीलदार के छह कोर्ट में कामकाज पूरी तरह बंद रहा। चार दिन से चल रही इस हड़ताल की वजह से बिलासपुर में 600 से अधिक राजस्व मामलों की सुनवाई नहीं हो पाई है। हड़ताल के चलते तहसील कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है। सीमांकन, बटांकन, जाति, आमदनी और निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए हैं। विभिन्न राजस्व मामलों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे पक्षकार भटकने को मजबूर हैं। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के इस आंदोलन को राजस्व पटवारी संघ और छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ ने भी अपना समर्थन दिया है। एक ओर तहसील कार्यालयों के अधिकारी हड़ताल पर हैं, वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी संघ के अधिकारी भी काली पट्टी लगाकर सांकेतिक विरोध कर रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने संभागीय कमिश्नर सुनील जैन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो 4 जून से वे भी हड़ताल पर चले जाएंगे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में आज 500 से अधिक तहसीलदारों के लगातार हड़ताल पर रहने का दावा किया गया है। राजस्व कामकाज बंद कर अधिकारियों ने सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग की है। विधायक की गिरफ्तारी की मांग आरोप है कि विधायक ने सरगुजा जिले के नायब तहसीलदार तुषार मानिक की पिटाई की थी। इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश भर के तहसीलदार रायपुर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
<

_2025108_113225.jpg?w=390&resize=390,220&ssl=1)








