सांसद राधेश्याम ने रायगढ़ की रेल सुविधाओं के लिए सौंपा 27 बिंदुओं का मांग पत्र
रायगढ़/ घरघोड़ा (गौरीशंकर) – संसद सत्र के दौरान रायगढ़ के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जिले की रेल और यात्री सुविधाओं में विस्तार हेतु 27 बिंदुओं का मांग पत्र सौंपा। सांसद ने रायगढ़ को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र बताते हुए स्टेशन और आसपास के इलाकों में बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की।
प्रमुख मांगें:
मांग पत्र में यात्री सुविधा, ट्रेनों के स्टॉपेज और स्टेशन उन्नयन से जुड़े कई सुझाव दिए गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
1. रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां लगाई जाएं।
2. प्लेटफॉर्म पर फर्श और छज्जे का नवीनीकरण किया जाए।
3. दिव्यांगों के लिए रैंप और सर्कुलेटिंग एरिया में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण।
4. कोरोना पूर्व स्टॉपेज वाली ट्रेनों के स्टॉपेज बहाल किए जाएं।
5. खरसिया, कोतरलिया, और कुरुभांटा में अंडर ब्रिज और ओवर ब्रिज का निर्माण।
6. कई प्रमुख ट्रेनों का रायगढ़ और खरसिया में स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए।
7. धरमजयगढ़ नई रेल लाइन को पूर्ण कर यात्री ट्रेन शुरू की जाए।
8. दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस को रायगढ़ होकर चलाने की मांग।
ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग:
सांसद ने कई ट्रेनों जैसे गीतांजलि एक्सप्रेस, पुरी-जोधपुर सुपरफास्ट, आजाद हिंद एक्सप्रेस, और ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट के स्टॉपेज रायगढ़ व खरसिया में बहाल करने की मांग की। उन्होंने मौर्य एक्सप्रेस को रायगढ़ से गोरखपुर होकर चलाने का सुझाव भी दिया।
रायगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होगा प्रयास:
सांसद राधेश्याम राठिया का कहना है कि ये मांगें पूरी होने से रायगढ़ न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार करेगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और उद्योगों को भी नई ऊंचाई पर ले जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री ने सांसद की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
यह प्रयास रायगढ़ और आसपास के अंचल में रेल सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।













